मेजर ध्यानचंद खेल विवि के शिलान्यास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ के तीन ओलंपियन व पैरालंपियन समेत 32 खिलाड़ियों से संवाद किया। 25 मिनट के संवाद में प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से खेल विवि के लाभ के बारे में जाना। खिलाड़ियों ने कहा कि अब प्रदेश की प्रतिभाओं को दूसरे प्रदेश में पलायन नहीं करना पड़ेगा। प्रधानमंत्री मंच के पीछे करीब 1:05 बजे खिलाड़ियों के बीच पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप्र राज्यपाल आनंदीबेन पटेल साथ में रहीं।
ऐतिहासिक कार्यक्रम: खिलाड़ियों से पीएम मोदी की खास बातचीत, बोले- अब नहीं करना पड़ेगा पलायन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रियंका ने पीएम को रामायण भेंट की
माधवपुरम निवासी ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी से प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने आपसे किया वादा पूरा किया। दिल्ली में पीएम ने प्रियंका से उनके माता-पिता से मुलाकात की बात कही थी। आज उन्होंने ओलंपियन की मां अनीता गोस्वामी, पिता मदनपाल गोस्वामी व भाई कपिल, मामा अमरीश गोस्वामी से मिले। प्रियंका ने पीएम को रामायण भेंट की। पीएम ने प्रियंका के लड्डू गोपाल को देखकर कहा कि, आप अपने संस्कृति से जुड़ी हो, यह अच्छी बात है। परिवार ने कहा कि पीएम से मिलना किसी सपने का सच होने जैसा है।
विवेक ने कहा- खेल विवि मील का पत्थर होगा साबित
जानी के महपा गांव निवासी पैरालंपियन विवेक चिकारा ने प्रधानमंत्री से मिलकर खुशी जताई। प्रधानमंत्री के खेल विवि के फायदे के सवाल पर विवेक ने कहा खिलाड़ियों के लिए खेल विवि मील का पत्थर साबित होगा। खिलाड़ियों को अब दूसरे शहरों और राज्यों में पलायन नहीं करना होगा। विवेक की पत्नी शैली स्नातक व परास्नातक में स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी हैं। शैली का प्रधानमंत्री ने उत्साह बढ़ाया।
स्कूल व गांवों में युवाओं को प्रेरित किया या नहीं
प्रधानमंत्री ने सरधना के बहादरपुर गांव की ओलंपियन भाला फेंक खिलाड़ी अन्नु रानी से कहा आपने गांव व स्कूलों में युवाओं को प्रेरित किया या नहीं। अन्नु ने कहा अभ्यास के बाद जो भी समय मिलता है वह युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करती हैं।
जम्मू अभ्यास करने कब जाओगे ज्योति
प्रधानमंत्री ने दिल्ली में मुलाकात के बाद खिलाड़ियों की हर बात याद रखी। मुजफ्फरनगर पुरबालियान निवासी पैरालंपियन ज्योति बालियान ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि ज्योति जम्मू में अभ्यास करने कब जाओगी। ज्योति ने जल्द जाने की बात कही। ज्योति ने खेल विवि के लाभ बताते हुए कहा हमारे गांव के खिलाड़ियों को खेल के साथ शिक्षा पाकर आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। हमें इंडिया कैंप के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।