मेरठ में अफसरों के दौरे के समय शनिवार सुबह दिल्ली रोड पर व्यवस्था चाक चौबंद रही। हर कट पर ट्रैफिक पुलिस, मार्शल और पुलिसकर्मी तैनात रहे। मोदीपुरम से परतापुर तक कहीं भी अधिकारियों की बस जाम में नहीं फंसी। दौरा खत्म होते ही दिल्ली रोड और रुड़की रोड को जाम ने अपने चंगुल में ले लिया। मार्शल और ट्रैफिक पुलिसकर्मी रोड से गायब हो गए। वाहन चालकों को रोज की तरह हर जगह जाम से जूझना पड़ा। शुक्रवार रात ही बेगमपुल से मंडी तक दिल्ली रोड पर सड़क बनाई गई, लेकिन बारिश के कारण सुबह तक बजरी उखड़ गई, जिस पर वाहन चालक फिसलने से बचे।
दावे फेल : रात को बनी सुबह उखड़ गई सड़क, अफसरों के सामने बेहतर इंतजाम, उनके जाते ही शहर में लगा जाम
मेरठ में बेगमपुल से मंडी तक दिल्ली रोड पर सड़क शुक्रवार रात को सड़क बनाई गई लेकिन बारिश के कारण सुबह होने तक सड़क से बजरी उखड़ गई, जिस पर चालक फिसलने से बचे।
एक सप्ताह से दिल्ली रोड पर फैली अव्यवस्था को ठीक करने के लिए शुक्रवार रातभर बारिश के बीच सड़क बनाने का कार्य किया गया। जहां-जहां सड़क में गड्ढे थे उस स्थान पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के निर्देश पर सड़क बनाईं गईं।
शनिवार सुबह दस बजे से कमिश्नर सुरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी के. बालाजी सहित अन्य अधिकारियों ने बस में एनसीआरटीसी मेरठ के मोदीपुरम कार्यालय से निरीक्षण की शुरुआत की। सुबह दस बजे से निरीक्षण शुरू होकर शताब्दीनगर कॉस्टिंग यार्ड में दोपहर 1.30 बजे तक चला। निरीक्षण के दौरान बस में अपर आयुक्त प्रवीणा अग्रवाल, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी मौजूद रहे।
हर कट पर खड़ी मिली ट्रैफिक पुलिस
अधिकारियों के निरीक्षण की शुरुआत से पहले ही बेगमपुल से लेकर परतापुर तक हर कट पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस और मार्शल नजर आए, जबकि आमतौर पर ट्रैफिक पुलिस के चुनाव ड्यूटी में जाने की बात उच्च अधिकारी करते हैं।
एनसीआरटीसी ने भी कट पर अतिरिक्त मार्शल की तैनाती कर दी। जिससे बस आसानी से गुजरती हुई परतापुर पहुंच गई। शॉप्रिक्स मॉल चौराहे पर दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ दो मार्शल, टीपीनगर तिराहे पर दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ तीन मार्शल, मेट्रो प्लाजा पर दो महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ एक पुरुष ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहा।
शॉप्रिक्स मॉल चौराहे पर हुआ काम
शुक्रवार रात तीन बजे दिल्ली रोड पर शॉप्रिक्स मॉल चौराहा सहित अन्य प्वाइंट पर सड़क बनाईं गईं, जिससे अधिकारियों के निरीक्षण में सब व्यवस्था ठीक से रह सकें। हालांकि, बस में सवार होकर निरीक्षण को निकले अधिकारियों को कुछ भी अव्यवस्थित नहीं दिखा। जिससे अधिकारियों ने पूरे निरीक्षण में इस मामले में कोई बात ही नहीं की। जबकि पिछले दिनों में दिल्ली रोड पर गड्ढे, जाम, अंधेरे ने आमजन को परेशान कर रखा है।
बजरी हो गई खतरनाक
आम लोगों को राहत देने के लिए सड़क का निर्माण जल्दबाजी में किया गया। रातभर हुई बारिश के कारण सड़क की बजरी उखड़ गई। इससे वहां से गुजर रहे लोगों को ओर अधिक परेशानी हुई। बारिश के कारण सड़क की बजरी उखड़ जाने के कारण कई वाहन फिसलने लगे। सड़क पर तारकोल न डालकर बजरी डालकर ही उसे बना दिया गया।