भारत की चर्चित टी-20 लीग आईपीएल के 14वें सीजन के लिए सभी टीमों ने अपने-अपने खिलाड़ियों का चयन गुरुवार को कर लिया। इसमें पूर्वांचल के कई युवा खिलाड़ी भी धूम मचाने वाले हैं। आजमगढ़ जिले के रहने वाले सरफराज खान और प्रवीण दुबे, गाजीपुर से नाता रखने वाले सूर्यकुमार यादव और भदोही के यशस्वी जायसवाल के साथ शिवम दुबे भी आईपीएल खेलंगे। इनका चयन होने से जिला के लोगों में खुशी का माहौल है। देखें अगली स्लाइड्स...।
आईपीएल में पूर्वांचल के इन युवाओं का भी होगा जलबा, यशस्वी और सूर्यकुमार पर रहेगी ज्यादा नजर
गौरतलब है कि भूपेंद्र जायसवाल के बड़े बेटे और यशस्वी के भाई तेजस्वी जायसवाल भी राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी हैं। वे सुरियावां में पेंट की दुकान चलाते हैं। धमाकेदार प्रदर्शनों से क्रिकेट की दुनिया में धूम मचा रहे यशस्वी जायसवाल एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता भूपेंद्र जायसवाल सुरियावां बाजार में पेंट की छोटी सी दुकान चलाते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना दौर में धंधा मंदा चल रहा है। लेकिन, उम्मीद पर तो दुनिया कायम है। यशस्वी की मां सामान्य गृहिणी हैं, जो क्षेत्र के एक विद्यालय में बच्चों को पढ़ातीं हैं। यशस्वी राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हैं।
आजमगढ़ के दो सितारे आईपीएल में बिखेरेंगे चमक
आजमगढ़ जिले के सगड़ी तहसील के बासूपार गांव निवासी सरफराज खान आज किसी परिचय के मोहताज नहीं है। कम समय में ही उन्होंने अपनी प्रतिभा से लोगों का मुरीद बना लिया है। पिता नौशाद खान के सानिध्य में क्रिकेट का ककहरा सीखने वाले सरफराज की प्रतिभा का लोहा हर कोई मानता है। इसको देखते हुए 2015 में आरसीबी ने उन्हें 50 लाख रुपये में खरीदकर टीम में शामिल किया था। 2019 में आरसीबी ने उन्हें रिलीज कर दिया और किंग्स इलेवन पंजाब ने 25 लाख में उन्हें टीम का हिस्सा बना लिया। पंजाब की टीम ने कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है, लेकिन सरफराज खान पर भरोसा जताते हुए उन्हें रीटेन किया है। एक बार फिर सरफराज इस टीम के साथ चमक बिखेरने को तैयार हैं। सरफराज के पिता नौशाद खान ने कहा कि टीम ने सरफराज पर भरोसा जताया है। उम्मीद है कि वह उम्मीदों पर खरा उतरेगा और टीम को चैंपियन बनाने में सहयोग करेगा।
सगड़ी तहसील के नेतापट्टी गांव निवासी प्रवीण दुबे की प्रतिभा को देखते हुए दिल्ली कैपिटल की टीम ने उन्हें रीटेन किया है। प्रवीण दुबे तीन बार आईपीएल खेल चुके हैं। कोच भानु शर्मा और भूपेंद्र वीर सिंह से क्रिकेट का ककहरा सीखकर अपनी प्रतिभा का लोहा प्रवीण ने मनवाया है। 2016 में आसीबी ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था। 2017 में भी वह आरसीबी से जुड़े रहे। इसके बाद चोट के कारण उन्होंने आईपीएल से नाम वापस ले लिया। फिर घुटने की सर्जरी कराई और जब लौटे तो दिल्ली की टीम ने 20 लाख बेस प्राइज पर उन्हें अपने साथ लिया।
सूर्य कुमार के बल्ले से होगी रनों की बारिश
गाजीपुर जिले के मौधा क्षेत्र के हथौड़ा गांव के रहने वाले सूर्य कुमार यादव आगामी आईपीएल में मुंबई इंडियन की ओर से एक बार फिर धमाल मचाएंगे। इस खबर के बाद खिलाड़ी और खेल प्रेमी गदगद हैं। हथौड़ा में जश्न का माहौल है। शुक्रवार को दिनभर उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। 14 सितंबर 1990 में मुंबई में जन्मे सूर्यकुमार की बैडमिंटन में रुचि थी लेकिन उन्होंने क्रिकेट का चुनाव किया। स्कूली टीम में भी क्रिकेट खेला। सात जुलाई 2016 को सूर्यकुमार की शादी देविशा शेट्टी से हुई। 2010 में सूर्य ने अपने क्रिकेट कैरियर की शुरूआत की। सूर्यकुमार के पहले क्रिकेट कोच और उनके चाचा विनोद कुमार यादव ने बताया कि सूर्य को लेकर परिवार के अलावा क्षेत्र की जनता का एक ही अरमान है कि सूर्य का बल्ला अब टीम इंडिया के लिए चले।
