UP: आगरा-जयपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, शादी समारोह में जा रहे युवक को टैंपो ने कुचला; 19 साल के विशाल की मौत
हादसे के बाद टैंपो अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विस्तार
यूपी के आगरा-जयपुर हाईवे पर थाना किरावली क्षेत्र में निर्माणाधीन लेदर पार्क के पास शुक्रवार रात करीब आठ बजे लोडिंग टैंपो ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शादी समारोह में जा रहा था विशाल
थाना किरावली क्षेत्र के गांव सकतपुर निवासी विशाल 19 वर्ष पुत्र बाबूलाल बाइक से किरावली में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही वह निर्माणाधीन लेदर पार्क के पास पहुंचा, तभी फतेहपुर सीकरी की ओर से आ रहे लोडिंग टैंपो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
अनियंत्रित होकर पलटा टैंपो
हादसे के बाद टैंपो अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टैंपो को कब्जे में ले लिया है और यातायात सुचारु करा दिया गया है।
महुअर पुल पर स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग
वहीं, महुअर निवासी समाजसेवी अनुज पंडित ने बताया कि हाईवे पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण अक्सर अंधेरा रहता है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि स्ट्रीट लाइट न होने की वजह से ही यह हादसा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से पुल पर शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की है, जिससे भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
