{"_id":"69a9310ecd3f1784840dd5bd","slug":"clash-between-brothers-over-wall-construction-turns-violent-in-agra-village-2026-03-05","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"होली के अगले दिन बवाल: दीवार बनाने को लेकर दो भाइयों में हुआ संघर्ष, पथराव से फैली दहशत; सड़क पर रुक गए वाहन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
होली के अगले दिन बवाल: दीवार बनाने को लेकर दो भाइयों में हुआ संघर्ष, पथराव से फैली दहशत; सड़क पर रुक गए वाहन
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Thu, 05 Mar 2026 01:00 PM IST
विज्ञापन
सार
आगरा के अछनेरा क्षेत्र के रायभा गांव में दीवार बनाने को लेकर सगे दो भाइयों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।
आगरा के अछनेरा में पथराव
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन
विस्तार
आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव रायभा में बृहस्पतिवार सुबह दीवार बनाने को लेकर दो सगे भाई आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे और सड़क पर पथराव हुआ। इस संघर्ष के दौरान सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी थम गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और पीआरबी के सामने भी दोनों तरफ से झगड़ा चलता रहा। पुलिस को अतिरिक्त फ़ोर्स बुलानी पड़ी। बवाल में महिलाओं समेत कई पुरुषों के घायल होने की सूचना है।
Trending Videos
ग्राम पंचायत रायभा में परमार मार्केट के पास घर में दीवार लगाने करने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच चल रहा विवाद बृहस्पतिवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और ईंट-पत्थरों की बारिश हुई। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर डायल-112 पुलिस और कुकथला चौकी पुलिस मौजूद थी। इसके बावजूद पप्पू प्रजापति पक्ष के युवक मारपीट और पथराव करते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
बताया गया है कि कुम्हार समाज के पप्पू प्रजापति और उनके भाई राम भरोसी के बीच कई दिनों से घर में दीवार खड़ी करने को लेकर विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को कहासुनी के बाद मामला अचानक बिगड़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि पप्पू प्रजापति के बेटों ने राम भरोसी के घर पर हमला बोल दिया और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए पथराव से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर गुजर रहे लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
सूचना पर डायल-112 पुलिस और थाना अछनेरा पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मारपीट और पथराव होता रहा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को काबू में किया गया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना पुलिस ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है, जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
