सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   A young man injured by a bullet died during treatment

Aligarh: हॉस्पिटल में गोली लगने से घायल वेदपाल ने तोड़ा दम, युवती का पिता गिरफ्तार, हमलावरों की तलाश में जारी

अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: Chaman Kumar Sharma Updated Tue, 17 Mar 2026 03:48 PM IST
विज्ञापन
सार

अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती मरीज को हमलावरों ने गोली मार दी। गंभीर घायल को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया।

A young man injured by a bullet died during treatment
मृतक वेदपाल - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार

अलीगढ़ महानगर के थाना क्वार्सी क्षेत्र में मैरिस रोड स्थित रेनुका हॉस्पिटल में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल एएमयू छात्र सोनपाल के भाई वेदपाल की उपचार के दाैरान 17 मार्च दोपहर मौत हो गई। पुलिस जांच में साफ हुआ है कि प्रेम प्रसंग में युवक को गोली मारी गई थी। वेदपाल का जेएन मेडिकल काॅलेज में इलाज चल रहा था। उधर, पुलिस ने हत्या के षडयंत्र में शामिल रहे युवती के सिपाही चालक पिता को बागपत से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस अब युवती के चचेरे भाई और गोली चलाने वाले शूटर की तलाश में जुटी हुई है।

Trending Videos

यह भी पढ़ें... Aligarh News: अस्पताल में घुसकर भर्ती मरीज को गोली मारी, हालत गंभीर
विज्ञापन
विज्ञापन


थाना खैर क्षेत्र के गांव अहरौला के रहने वाले एएमयू के चर्चित छात्र सोनपाल के 32 वर्षीय बड़े भाई व लॉ की पढ़ाई कर चुके वेदपाल को मैरिस रोड स्थित रेनुका हॉस्पिटल में सोमवार रात दो अज्ञात हमलावरों ने कमरे में घुसकर गोली मार दी थी। गोली उसके माथे पर हथियार सटाकर मारी गई थी। युवक को मरणासन्न अवस्था में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया और वेंटीलेटर पर रखा गया था। जहां मंगलवार दोपहर वेदपाल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शाम को वीडियोग्राफी के बीच पैनल में पोस्टमार्टम करा दिया, जिसमें चिकित्सकों ने गोली कनपटी पर लगने से दिमाग की हडि्डयां टूट जाने और भेजा उड़ जाने की बात कही है।
यह भी पढ़ें... Aligarh: पहली बार अस्पताल में चली गोली, दोनों हमलावर निकले पुलिसकर्मी, मथुरा की युवती के भाइयों ने की वारदात

प्यार में था पागल था, रिश्ता तुड़वाने के लिए कर रहा था हर जतन
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि इस मामले में पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की मथुरा के गोविंद नगर की एक युवती से दोस्ती थी। करीब पांच साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। युवक, युवती से प्रेम विवाह करना चाहता था। इसकी भनक युवती पक्ष को हुई तो उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया। फिर भी वेदपाल युवती से ही शादी रचाने की जिद पर अड़ा था। इस पर युवती पक्ष करीब ढ़ाई साल पहले वेदपाल के घर अहराैला, खैर में रिश्ता लेकर पहुंचा था। जहां वेदपाल के पिता धर्मवीर ने साफ कह दिया था भले ही शादी कर दो, लेकिन कल कुछ हो जाए इसकी उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।

एसपी सिटी के अनुसार वेदपाल युवती के प्यार में पागल था। वह रिश्ता तुड़वाने के लिए हर जतन कर रहा था। युवती की राया, मथुरा में ननिहाल है। ननिहाल पक्ष ने युवती की शादी के लिए एक रिश्ता तय कर लिया। इसकी जानकारी पर वेदपाल ने पहुंचकर हंगामा करते हुए रिश्ते को तुड़वा दिया। इसके बाद फिर से युवती का रिश्ता तय हुआ। तीन फरवरी को शादी थी। जहां वेदपाल ने पहुंचकर विवाद किया। इसमें युवती पक्ष ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिसमें उसके हाथ में चोट आई थी। इसके बाद शादी टूट गई। इस बीच परिजनों ने दूसरा रिश्ता तय कर युवती की शादी करा दी।

14 दिन मथुरा जेल में बंद रहा था वेदपाल
एसपी सिटी ने बताया कि वेदपाल ने राया पुलिस को खुद के साथ मारपीट करने व बंधक बनाकर अपहरण करने की झूठी सूचना दी थी। जिस पर राया पुलिस ने उसे शांतिभंग में बंदी बनाते हुए 14 दिन के लिए मथुरा जेल भेज दिया। इस बीच युवती की शादी हो गई। जेल से छूटने के बाद वह फिर से युवती को परेशान करने लगा। युवती के अलावा ससुराल पक्ष को मोबाइल काॅल व मैसेज करने लगा। इस पर युवती ने 1090 पर फोन कर वेदपाल की शिकायत की। वेदपाल की इस हरकत के बाद युवती का परिवार उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। मोबाइल फोन में इसकी रिकार्डिंग भी मिली हैं।

नकाबपोश शूटर के साथ पहुंचा था चचेरा भाई
सीओ सिविल लाइंस सर्वम सिंह ने बताया कि वेदपाल के अक्सर युवती को परेशान करने से पूरा परिवार नाराज था। युवती का भाई जो आगरा में डीआइजी कार्यालय में सिपाही के रूप में तैनात है, ने इटावा 28वीं पीएसी वाहिनी के सिपाही व चचेरे भाई भूपेंद्र के साथ मिलकर वेदपाल की हत्या करने की साजिश रच ली। पुलिस जांच में साफ हुआ है कि हमलावरों को वेदपाल का अस्पताल में ऑपरेशन होने की सटीक जानकारी थी।

इसके बाद ही भूपेंद्र अपनी बाइक से एक शूटर को साथ लेकर अस्पताल पहुंचा था। जिसने नकाब से अपना चेहरा छिपा रखा था। वारदात के बाद अस्पताल से भागते समय सीसीटीवी कैमरे में एक बाइक पर दोनों ही हमलावर जाते हुए दिखाई पड़े हैं। बाइक नंबर के आधार पर इटावा पीएसी में तैनात सिपाही भूपेंद्र की पहचान हुई है। घटना के बाद उसकी मोबाइल की काॅल डिटेल के साथ ही लोकेशन इटावा की ओर जाने की मिली है। इसके आधार पर पुलिस ने टूंडला तक उनका पीछा भी किया, लेकिन उसके बाद मोबाइल फोन बंद हो गया।

हमलावरों के संपर्क में था सिपाही पिता
एसएसपी नीरज कुमार जादाैन ने बताया कि वेदपाल की हत्या से पहले व उसके बाद में लगातार युवती के पिता व सिपाही चालक देवेंद्र प्रताप मोबाइल फोन पर हमलावरों के संपर्क में था। वह पल-पल की जानकारी एक-दूसरे से साझा कर रहे थे। चूंकि खुद एसएसपी की जनपद बागपत में तैनाती रही है और वे बताैर चालक देवेंद्र प्रताप को पहचानते थे। इसके बाद उन्होंने वहां के अधिकारियों से संपर्क कर उसे हिरासत में ले लिया।

आरोपी देवेंद्र प्रताप को हत्या के षडयंत्र में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इस मामले में वेदपाल के पिता धर्मवीर ने थाने में युवती के मामा सुरेंद्र निवासी राया उसके भाई व परिजनों के खिलाफ प्रेम प्रसंग के विवाद में बेटे की गोली मारकर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती के सगे भाई जितेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि चचेरे भाई भूपेंद्र के अलावा घटना में शामिल रहे शूटर की तलाश में दो टीमें जुटी हुई हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed