{"_id":"698793a087f2041b4c0e746c","slug":"aligarh-kashmiri-youth-arrested-for-getting-dl-made-at-aligarh-address-2026-02-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Aligarh: अलीगढ़ के पते पर डीएल बनवाने पहुंचे कश्मीरी युवक को दबोचा, स्थानीय एजेंट ने बदला पता... उसकी तलाश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Aligarh: अलीगढ़ के पते पर डीएल बनवाने पहुंचे कश्मीरी युवक को दबोचा, स्थानीय एजेंट ने बदला पता... उसकी तलाश
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 08 Feb 2026 01:04 AM IST
विज्ञापन
सार
कश्मीरी युवक के आधार कार्ड पर स्थानीय एजेंट ने अलीगढ़ का पता दर्ज कर दिया था। पूछताछ व जांच के बाद शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया। एजेंट की तलाश की जा रही है।
demo
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
अलीगढ़ के पते पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने आरटीओ पहुंचे कश्मीरी युवक को शुक्रवार को पुलिस ने दबोच लिया गया। उसके आधार कार्ड पर स्थानीय एजेंट ने अलीगढ़ का पता दर्ज कर दिया था। पूछताछ व जांच के बाद शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया। एजेंट की तलाश की जा रही है।
Trending Videos
शुक्रवार दोपहर जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के मट्टन थाना क्षेत्र के अकड़शील का जुनैद वानी अपने गांव के ही एक अन्य साथी फरहद नबी संग आरटीओ कार्यालय में स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने पहुंचा। इसके लिए उसने पहले से एजेंट के जरिये ऑनलाइन आवेदन कर दिया था। शुक्रवार को उसे जांच के लिए आरटीओ बुलाया गया था। वहां संबंधित लिपिक लव कुमार ने जब आधार कार्ड के नंबर को डीजी लॉकर से जांचा तो शक गहरा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
आधार कार्ड पर जेल रोड गगन स्कूल के पास का पता दर्ज था, जबकि डीजी लॉकर वाले आधार पर गांव का मूल पता दर्ज था। इस पर लव ने आरआई अनुराग वर्मा को इसकी जानकारी दी। अनुराग वर्मा ने तत्काल बन्नादेवी पुलिस को बुला लिया। पुलिस आधार कार्ड देखकर दोनों को थाने ले गई। खुफिया व एटीएस टीम भी जांच के लिए पहुंच गईं। रात भर पूछताछ के बाद उसके साथी को छोड़ दिया गया, जबकि जुनैद को जेल भेज दिया गया।
आठ हजार में फर्जीवाड़ा, लर्निंग डीएल बना
जुनैद व उसके साथी तीन माह के लिए अनंतनाग से शॉल बेचने आए थे। वे कार से घूम-घूम कर शॉल बेच रहे थे। सरायों में किराये पर रहते थे। इस बीच उसने जमालपुर के मुबीन नाम के एजेंट से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए संपर्क किया। एजेंट ने उसके आधार कार्ड को एडिट कर स्थायी पता दर्ज कर दिया। लर्निंग डीएल बन गया। उसे स्थायी कराने के लिए जुनैद आरटीओ पहुंचा था। एजेंट ने आठ हजार रुपये लिए थे।
कश्मीर से भी कराई गई तस्दीक
खुफिया एजेंसियों व एटीएस टीम ने पकड़े गए कश्मीरी युवक के विषय में पूरी तस्दीक कश्मीर से भी कराई। इसके अलावा जहां वे ठहरे हुए थे, वहां से भी पूरी जानकारी साथियों के नाम पते व उसके प्रपत्र देखकर की गई। जांच में उजागर हुआ कि इन्होंने सिर्फ डीएल बनवाने के लिए फर्जीवाड़ा किया है। बाकी कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई।
आरटीओ कार्यालय पहुंचे कश्मीरी युवक के प्रपत्रों में फर्जीवाड़ा करने की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। एटीएस व खुफिया जांच भी पूरी की गई है। फर्जीवाड़े में कश्मीरी युवक जेल भेजा है। स्थानीय एजेंट को तलाशा जा रहा है।
-मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी
पकड़े जाते रहे हैं आधार में फर्जीवाड़े
अलीगढ़ में दूसरे राज्यों सहित नेपाल, बांग्लादेश व रोहिंग्याओं के आधार कार्ड बनाने के मामले पूर्व में भी पकड़े जाते रहे हैं। हाल में एसटीएफ ने क्वार्सी में ऐसे जनसेवा केंद्र के दो संचालक पकड़े थे। इसके अलावा पालीमुकीमपुर में भी ऐसे गिरोह का खुलासा हुआ था।