Aligarh: आईपीएल फाइनल देखने गए ऑस्ट्रेलियाई युवक का आईफोन चोरी, पांच दिन बाद अलीगढ़ पुलिस ने ढूंढ निकाला
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और ऑस्ट्रेलिया में चर्चित क्रिकेट कंटेंट क्रियेटर जैक जिकिंग्स ने सोशल मीडिया पर थैंक यू अलीगढ़ पुलिस लिखते हुए बताया कि उनके लिए फोन इसलिए बेशकीमती है क्योंकि उसमें दिवगंत दादा की तस्वीरें हैं। उन तस्वीरों का वापस मिलना उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईपीएल का फाइनल मैच देखने भारत आए ऑस्ट्रेलियाई युवक का चोरी हुआ आईफोन पांच दिन बाद अलीगढ़ में बरामद हुआ। 31 मई को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाद युवक का आईफोन चोरी हुआ। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाहर से चोरी हुए मोबाइल की लोकेशन अगले दिन एक जून को जयपुर-किशनगढ़ मार्ग पर दिखी।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोकेशन शेयर करते हुए राजस्थान पुलिस से मदद मांगी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगले दिन दो जून को लोकेशन अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र स्थित शाहजमाल इलाके में मिली तो उन्होंने फिर से सोशल मीडिया का सहारा लिया और अलीगढ़ पुलिस को टैग किया। कुछ ही मिनट में अलीगढ़ की साइबर टीम ने उनसे जानकारी मांगी। सर्विलांस प्रभारी अभिषेक गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के जरिये शाहजमाल स्थित एक दुकान से फोन बरामद किया।
पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि एक व्यक्ति फोन का लॉक खुलवाने और मरम्मत के लिए देकर गया है। पुलिस ने जब उस व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका फोन नंबर बंद मिला। अब पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आशंका है कि वही व्यक्ति मोबाइल चोरी कर अलीगढ़ लेकर आया था। इस सक्रियता पर उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पर खूब सराहना भी हो रही है।
सोशल मीडिया के जरिये शिकायत मिलने पर सर्विलांस टीम ने संज्ञान लिया और फोन बरामद कर लिया। आरोपी की तलाश जारी है। उसके पकड़ने के बाद पूरी घटना की कड़ियां स्पष्ट हो सकेंगी। - नीरज जादौन, एसएसपी
थैंक यू अलीगढ़ पुलिस, दादा की यादें वापस मिल गईं
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और ऑस्ट्रेलिया में चर्चित क्रिकेट कंटेंट क्रियेटर जैक जिकिंग्स ने सोशल मीडिया पर थैंक यू अलीगढ़ पुलिस लिखते हुए बताया कि उनके लिए फोन इसलिए बेशकीमती है क्योंकि उसमें दिवगंत दादा की तस्वीरें हैं। उन तस्वीरों का वापस मिलना उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशी है। वे आठ जून को अलीगढ़ आकर पुलिसकर्मियों का व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद भी करेंगे।