जानलेवा चाइनीज मांझा: डॉक्टर के जान पर बन आई, गर्दन बचाने में कटी अंगुली, मेडिकल से दिल्ली रेफर
अग्रसैन चौक से यातायात अधिक होने पर डॉक्टर कुछ देर रुकने पर वे जैसे ही रसलगंज में आगे बढ़े, तभी अचानक उन्हें चाइनीज मांझा अपनी गर्दन की ओर आता दिखा। उन्होंने अपना बायां हाथ आगे किया, मांझे ने उनके बाएं हाथ की छोटी अंगुली को काट दिया, जो लगभग कटकर लटक गई और खून बहने लगा।
विस्तार
22 फरवरी सुबह-सुबह अलीगढ़ में बन्नादेवी क्षेत्र के रसलगंज इलाके में मलखान सिंह जिला अस्पताल के ईएमओ डॉक्टर फारुख अंसारी चाइनीज मांझे की चपेट में आकर जख्मी हो गए। उन्हें मांझा नजर आ गया था और गर्दन बचाने के लिए उन्होंने हाथ आगे किया तो अंगली कट गई। डॉक्टर फारुख अंसारी को प्राथमिक उपचार के बाद हाथ में सुन्नपन आने के कारण मेडिकल कॉलेज से अपोलो हॉस्पिटल दिल्ली रेफर किया गया है।
जमालपुर निवासी डॉक्टर फारुख अंसारी मलखान सिंह जिला अस्पताल में इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) के पद पर तैनात हैं। वह प्रतिदिन की तरह सुबह करीब साढ़े सात बजे स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। चिकित्सक के अनुसार अग्रसैन चौक से यातायात अधिक होने पर वह कुछ देर रुकने पर वे जैसे ही रसलगंज में आगे बढ़े, तभी अचानक उन्हें चाइनीज मांझा अपनी गर्दन की ओर आता दिखा। उन्होंने अपना बायां हाथ आगे किया, मांझे ने उनके बाएं हाथ की छोटी अंगुली को काट दिया, जो लगभग कटकर लटक गई और खून बहने लगा।
राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में आनन फानन प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कालेज भेज दिया गया। मेडिकल कालेज में चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। उनकी हालत कुछ देर बाद बिगड़ने लगी और हाथ सुन्न होने लगा। तत्काल चिकित्सकों ने दिल्ली रेफर कर दिया।
हमारे स्तर से समय समय पर चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए चेकिंग कराई जाती है। थाना में बीट स्तर पर भी निगरानी रखी जाती है। पिछले दिनों कार्रवाई भी की गई। लोगों से भी अपील है कि इसके विषय में तत्काल पुलिस को सूचना दें। सुबह चिकित्सक संग हुई घटना में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-ममता कुरील, एसपी अपराध, नोडल
नर्व, टेंडन और आर्टरी तीनों कटे
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. जगवीर सिंह वर्मा ने बताया कि डॉ. फारुख के बाएं हाथ की सबसे छोटी अंगुली बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मांझे ने अंगुली की नर्व, आर्टरी (धमनी) और टेंडन तीनों को पूरी तरह काट दिया। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया और हालत तेजी से बिगड़ने लगी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च स्तरीय माइक्रोसर्जरी के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि समय पर सर्जरी न हुई तो अंगुली बचाना मुश्किल हो सकता है।
ये भी जानें
उंगली में नर्व (तंत्रिका) मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी से अंगुलियों तक संवेदना (जैसे दर्द, छूना, तापमान) पहुंचाने का करती हैं। आर्टरी यानी धमनी रक्त वाहिकाएं होती हैं। टेंडन ऊतकों की मज़बूत डोरियां नुमा होती हैं, जो मांसपेशियों को हड्डियों से जोड़ती हैं।
जानलेवा मांझे की बिक्री पर नहीं लगी रोक, लगातार हो रहे हादसे
प्रशासन इस मांझे की बिक्री करने पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। इसे लेकर लोगों के स्तर से लगातार बिक्री पर रोक लगाने की मांग की जा रही है। बात अगर ताजा दुर्घटनाओं की करें तो एक फरवरी को ही मीनाक्षी पुल पर स्कूटी सवार बच्ची का गाल चाइनीज मांझे से कटा था। इस मामले में पुलिस ने आनन फानन कार्रवाई करते हुए विक्रेता को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। रविवार को हुए हादसे में अस्पताल प्रशासन या परिवार की ओर से पुलिस को सूचना नहीं दी गई। पुलिस को खबर लगी तो पुलिस स्तर से खुद रसलगंज इलाके में चाइनीज मांझा विक्रेता की तलाश शुरू कर दी गई।
मांझे की चपेट में आकर जिले में हुई प्रमुख घटनाएं
- दिसंबर 2020 : बाइक सवार सोनू उर्फ रानू की मौत हो गई और पत्नी घायल हुई थीं।
- नवंबर 2022 : हरेंद्र कुमार का मीनाक्षी पुल के पास गला कट गया। जान बच गई।
- जून 2023 : क्वार्सी की रियाज काॅलोनी के सद्दाम की गर्दन मांझे से कट गई।
- मई 2024 : बन्नादेवी क्षेत्र में रश्मि वार्ष्णेय की गर्दन मांझे के फंस जाने से कट गई ।
- नवंबर 2024 : ग्वालियर निवासी केसर सिंह मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए।
- अगस्त 2025 : शमशाद मार्केट पुल पर दिनेश राजपूत गंभीर घायल हो गए।
- अगस्त 2025: मसूदाबाद के पास विवेक उपाध्याय नाक व गाल पर गहरे घाव हो गए।
- सितंबर 2025:जमालपुर पुल के ऊपर सलमान नाम के युवक की गर्दन कटने से जान गई।
- फरवरी 2026: मीनाक्षी पुल पर मासूम बच्ची अपने परिजन संग जाते समय घायल।
