सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Harshad Hindu declared history-sheeter in BJYM gang war firing

भाजयुमो गैंगवार: हर्षद हिंदू हिस्ट्रीशीटर घोषित, 10 मामले हैं दर्ज, 23 सेकंड के वीडियो पर अखिलेश ने कसा तंज

अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: Chaman Kumar Sharma Updated Fri, 20 Mar 2026 12:10 PM IST
विज्ञापन
सार

अलीगढ़ भाजयुमो महानगर टीम में गैंगवार के बीच फायरिंग का 23 सेकंड का वीडियो वायरल होते ही मुद्दा सियासी तूल पकड़ने लगा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपने सोशल मीडिया एकाउंट से पोस्ट करते हुए तगड़ा सियासी तंज कसा है। उन्होंने मामले को माल के बंटवारे की लड़ाई बताया है।

Harshad Hindu declared history-sheeter in BJYM gang war firing
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

अलीगढ़ में सराय हकीम कांड के बाद भाजयुमो के एक और महानगर मंत्री हर्षद हिंदू को पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर घोषित कर दिया है। पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज पुराने आपराधिक मामलों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। हर्षद पर कुल 10 मामले दर्ज हैं।

Trending Videos


थाना बन्ना देवी क्षेत्र के सराय हकीम इलाके में गुटबाजी के चलते हुई गोलीबारी के मामले में हर्षद हिंदू को जेल भेजा गया है। उसी के बाद यह कार्रवाई की है। इस घटना को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की सोशल मीडिया पर पोस्ट आने के बाद जिला पुलिस की मीडिया सेल ने इस प्रकरण की अब तक की कार्रवाई साझा की है, जिसमें हर्षद हिंदू को हिस्ट्रीशीटर घोषित किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि हर्षद हिंदू के आपराधिक इतिहास की समीक्षा के बाद उसे हिस्ट्रीशीटर की श्रेणी में दर्ज किया गया है। हिस्ट्रीशीटर घोषित होने के बाद उसकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। बता दें कि इस कांड में दूसरे गुट का आरोपी भाजयुमो का ही मंत्री शशांक पंडित पहले से ही हिस्ट्रीशीटर है। उस पर सासनी गेट के आधा दर्जन मामलों के आधार पर हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। यह इस कांड में पुलिस स्तर से तीसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

अखिलेश यादव बोले- ये माल के बंटवारे की लड़ाई
अलीगढ़ भाजयुमो महानगर टीम में गैंगवार के बीच फायरिंग का 23 सेकंड का वीडियो वायरल होते ही मुद्दा सियासी तूल पकड़ने लगा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपने सोशल मीडिया एकाउंट से पोस्ट करते हुए तगड़ा सियासी तंज कसा है। उन्होंने मामले को माल के बंटवारे की लड़ाई बताया है।

बन्नादेवी के सराय हकीम में 12 मार्च की देर शाम भाजयुमो के गुटों में हुई फायरिंग के मामले में बुधवार को घटना का 23 सेकंड का एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो के बाहर आने के बाद सोशल मीडिया पर घटना फिर से तूल पकड़ रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तक ने वीडियो को अपने एकाउंट से साझा करते हुए तगड़ा सियासी तंज कसा है। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा है कि ‘23 में 12’ ये किसी इम्तिहान का रिज़ल्ट नहीं है, बल्कि अलीगढ़ में भाजपा नेताओं के बीच हुए घमासान में गोलियों के स्नेह आदान-प्रदान का दुर्दांत आंकड़ा है। ये वारदात तब हुई, जब भाजपा के डबल डिब्बों के बीच आपस में 23 सेकंड में 12 राउंड गोलियां चलीं। लोगों को लगा कि कहीं हर काम उल्टा करने वाले भाजपाई होली मिलन में दिवाली तो नहीं मना रहे हैं। दरअसल ये माल के बंटवारे की लड़ाई है।

पहचान और अवैध कारोबार को संकलित हुआ ब्योरा, पूछताछ तेज
इस वीडियो के आने के बाद पुलिस ने इसमें से कुछ नामों पर पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। साथ में अवैध कारोबार को लेकर मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर काफी लोगों का ब्योरा संकलित कर लिया है। जिसके आधार पर क्रमवार पूछताछ का काम शुरू कर दिया है। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक बताते हैं कि इस दिशा में हमारा प्रयास तेज है। जल्द बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी। हमारी टीमें अपना काम कर रही हैं। वहीं फरारों की तलाश में दबिश जारी है। इधर, इस मामले में जेल गए प्रफुल्ल व शानू की ओर से बृहस्पतिवार को निचली अदालत में जमानत याचिका दायर की गई है।

कौन था दोनों गैंगों को हथियारों का सप्लायर
इस घटना में दोनों गैंगों को हथियारों का सप्लायर कौन था? ये अपने आप में पुलिस के लिए सवाल है। इस विषय में पुलिस ने अब तक जेल भेजे आरोपियों से पूछताछ में एक नाम तो योगेंद्र योगी का उजागर किया है। योगी हर्षद के साथ ही पकड़ा गया था। तब उनसे कुल चार हथियार बरामद हुए थे। खुद योगी ने हथियार मंगाना व हर्षद आदि को देना स्वीकारा था। इसके अलावा शोएब पर भी पुलिस को हथियार सप्लायर होने का संदेह है। हालांकि घायल होने के चलते सख्ती न होने के कारण उससे ज्यादा जानकारी नहीं हो सकी। मगर पुलिस अभी उसके विषय में कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। बाकी सभी की मोबाइल डिटेल, उनकी ए-बी-सी पार्टियों तक का विवरण खंगाल रही है। इन्हें हथियार पहुंचाने वालों के साथ-साथ इनके आईपीएल सट्टे से लेकर गांजा, चरस तस्करी व वेश्यावृत्ति के लिए महिला सप्लाई करने वालों तक पहुंचने का प्रयास जारी है। इसके लिए इनके बैंक खातों तक का विवरण खंगाला जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed