{"_id":"6992c122db36b97e0b06a839","slug":"threat-to-blow-up-aligarh-civil-court-with-rdx-2026-02-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Aligarh News: जनपद न्यायालय परिसर में मची अफरा-तफरी, दीवानी कचहरी को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Aligarh News: जनपद न्यायालय परिसर में मची अफरा-तफरी, दीवानी कचहरी को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: चमन शर्मा
Updated Mon, 16 Feb 2026 12:33 PM IST
विज्ञापन
सार
सूत्रों के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल केवल अलीगढ़ ही नहीं, बल्कि प्रदेश के करीब 20 अन्य जिलों के न्यायालयों के संबंध में भी भेजा गया है।
खाली कराई गई अलीगढ़ की दीवानी कचहरी
- फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन
विस्तार
अलीगढ़ जनपद न्यायालय परिसर में 16 फरवरी उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक अति वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी को ईमेल के जरिए कचहरी को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी भरे ईमेल के प्राप्त होते ही न्यायिक कार्य ठप हो गया और पूरे दीवानी परिसर में हड़कंप मच गया। पूरा परिसर सुरक्षा बलों ने खाली कराया और उसकी सघन तलाशी शुरू कर दी है।
Trending Videos
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। आनन-फानन में कई थानों का पुलिस बल, बम डिस्पोजल स्क्वायड (बीडीएस) और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे परिसर को तुरंत खाली कराया गया। अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों और वादकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और चप्पे-चप्पे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
20 जिलों को भी दी गई धमकी
सूत्रों के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल केवल अलीगढ़ ही नहीं, बल्कि प्रदेश के करीब 20 अन्य जिलों के न्यायालयों के संबंध में भी भेजा गया है। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी प्रदेश के कुछ अन्य न्यायालयों को इसी तरह के ईमेल प्राप्त हुए थे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं। हालांकि, उस समय अलीगढ़ का नाम शामिल नहीं था, लेकिन सोमवार को इस ईमेल ने अधिकारियों की नींद उड़ा दी।
फिलहाल, पुलिस और साइबर सेल की टीमें ईमेल के आईपी एड्रेस और भेजने वाले का सुराग लगाने में जुट गई हैं। एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि यह किसी की शरारत है या कोई बड़ी साजिश है।