Aligarh: गले में आलू-मक्का की माला, बुग्गी में बिजली के तार-बल्ब लगाकर किसानों का अनोखा प्रदर्शन, यह है मामला
किसान मजदूर संगठन ने अलीगढ़ में अनोखा प्रदर्शन किया। गले में आलू और मक्का की माला डालकर नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय पहुंचे। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
किसान मजदूर संगठन ने अलीगढ़ जिलाधिकारी कार्यालय पर आलू और मक्का की माला डालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बुग्गी में बिजली के तार और बल्ब लगाकर विरोध जताया। संगठन ने पश्चिम बंगाल सरकार की तरह आलू किसानों को 300 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान देने की मांग की।
किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह के आह्वान पर यह प्रदर्शन हुआ। जिला अध्यक्ष बंटी जादौन के नेतृत्व में एक दिवसीय किसान मजदूर अधिकार मार्च निकाला गया। संगठन के राष्ट्रीय सचिव डॉक्टर शैलेंद्र पाल सिंह ने किसानों की चिंताजनक स्थिति बताई। उन्होंने कहा कि खेती की लागत बढ़ रही है, लेकिन उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।
किसानों की प्रमुख मांगें
किसानों ने धान की रोपाई के लिए प्रतिदिन 15 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति की मांग की। वर्तमान में उन्हें केवल छह घंटे बिजली मिल रही है। ट्रांसफार्मर जलने पर 24 घंटे में बदलने की बात कही गई। सहकारी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और निजी बिक्री केंद्रों पर दो हजार रुपये के लगेज को बंद करने की मांग की गई। कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की भी मांग हुई।
अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे
बृज प्रदेश अध्यक्ष अजीत सिंह राघव ने साथा चीनी मिल के शीघ्र निर्माण और संचालन की मांग की। इससे गन्ना किसानों को लाभ और युवाओं को रोजगार मिलेगा। कृषि मंडियों में बरसात से अनाज सुरक्षित रखने हेतु पक्के शेड और जल निकासी की व्यवस्था मांगी गई। तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी हुई। आलू किसानों के लिए लाभकारी मूल्य और मूल्य संरक्षण नीति लागू करने की बात कही गई। नहरों और रजवाहों में पर्याप्त सिंचाई का पानी छोड़ने की मांग भी की गई।
भ्रष्टाचार और नकली उत्पादों पर रोक
जिला प्रभारी श्रीपाल चौहान ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में भ्रष्टाचार की जांच की मांग की। उन्होंने नकली खाद, बीज और कीटनाशकों की बिक्री पर रोक लगाने को कहा। पिछले 25-30 साल से रेडी-ठेली लगाने वाले गरीब लोगों को उचित स्थान पर विस्थापित करने की मांग भी की गई। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने 15 जुलाई को किसान दिवस में सभी समस्याओं का बिंदुवार जवाब देने का आश्वासन दिया।
आंदोलन की चेतावनी
जिला उपाध्यक्ष अजीत चौधरी ने कहा कि यदि उचित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो संगठन व्यापक जन आंदोलन चलाएगा। प्रदेश संगठन मंत्री प्रमोद कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित 15 सूत्री ज्ञापन ए सी एम दिग्विजय सिंह को सौंपा। इसमें नकली खाद्य पदार्थों पर कठोर कानून बनाने और राजस्थान सरकार की तरह राज्य किसान आयोग के गठन की मांग शामिल थी। आंदोलन में कौशल सिंह, अमित सारस्वत, विकास राजपूत आदि मौजूद रहे।