Aligarh: गंदगी फैलाने पर कटेगी पानी-बिजली, प्रतिष्ठानों को किया जा सकता है बंद, शराब ठेकों का होगा सर्वेक्षण
म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026 का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर उनकी पानी, बिजली और सड़क बत्ती जैसी नगरीय सुविधाएं बंद की जा सकती हैं। प्रतिष्ठानों को बंद भी किया जा सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ नगर निगम ने शहर की स्वच्छता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। गंदगी फैलाने वाले शराब ठेकों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू होगा। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने अगले एक सप्ताह में सभी शराब ठेकों का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। कचरा फैलाने पर नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने चेतावनी दी है कि म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026 का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर उनकी पानी, बिजली और सड़क बत्ती जैसी नगरीय सुविधाएं बंद की जा सकती हैं। प्रतिष्ठानों को बंद भी किया जा सकता है। मंगलवार सुबह वार्ड 52 दोदपुर और वार्ड 75 अमीर निशा क्षेत्र का औचक निरीक्षण हुआ। नगर आयुक्त को दोदपुर थाने के सामने एक देशी शराब की दुकान के बाहर नाले में प्लास्टिक के पैकेट और एक बार इस्तेमाल होने वाले गिलास मिले।
कचरे के कारण नाला पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। इस पर उन्होंने संबंधित ठेका संचालक के खिलाफ नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पान वाली कोठी, बरगद हाउस, एडीएम कंपाउंड रोड, मेडिकल रोड और दोदपुर चौराहे के आसपास भी नालियों और नालों में कचरा पड़ा मिला। इसमें चाय के कप और प्लास्टिक के गिलास शामिल थे। नगर आयुक्त ने इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने क्षेत्र में निगरानी कैमरे लगाकर उन्हें एकीकृत नियंत्रण एवं कमान केंद्र से जोड़ने के आदेश दिए। साथ ही, दो विशेष टीमों को जागरूकता और निगरानी के लिए तैनात करने के आदेश भी दिए गए।
कर्मचारियों पर कार्रवाई
औचक निरीक्षण में वार्ड 52 के स्वच्छता पर्यवेक्षक और कई सफाई कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित न कर पाने और भ्रामक जानकारी देने पर कार्रवाई हुई। स्वच्छता पर्यवेक्षक महेंद्र को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं, 11 अनुपस्थित सफाई कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। दूसरी ओर, वार्ड 75 में सफाई कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति मिली। नगर आयुक्त ने वार्ड 75 के सफाई कर्मचारियों की सराहना की।
स्वच्छता से कोई समझौता नहीं
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा। हर व्यावसायिक प्रतिष्ठान अपने द्वारा उत्पन्न कचरे के सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण के लिए स्वयं जिम्मेदार है। जो लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसमें सूचना पत्र, जुर्माना और प्रतिष्ठान को बंद करना शामिल है। अगले एक सप्ताह में अभियान चलाकर शहर के सभी शराब ठेकों का सर्वेक्षण किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।