Aligarh: जर्जर बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजन में आक्रोश, पुलिस-बिजली विभाग जांच में जुटा
ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते जर्जर तारों को बदल दिया गया होता। तो यह दुखद हादसा टाला जा सकता था। यह सीधे तौर पर बिजली विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने विभाग के गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर सवाल उठाए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ में थाना दादों क्षेत्र के गांव समैना ततारपुर में 17 जुलाई सुबह एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक बिजली के खंभे के पास लटक रहे जर्जर तार की चपेट में आ गया था। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को लेकर बोनई स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए। उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने उन्हें शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गांव समैना ततारपुर निवासी अशोक कुमार (30) पुत्र गिरीशचंद्र के रूप में हुई है। वह शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे गांव के सरकारी हैंडपंप से पानी पीकर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान वह जर्जर विद्युत तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छर्रा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अशोक कुमार को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों को छोड़ गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के आरोप
ग्रामीण शैलेश यादव ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि गांव में लंबे समय से जर्जर विद्युत तार लटक रहे हैं। इन तारों को बदलने के लिए कई बार विद्युत उपकेंद्र पर शिकायत की गई थी। लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। शैलेश यादव का आरोप है कि विभागीय कर्मचारी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेते। वे पैसे लेकर ही मरम्मत का कार्य करते हैं।
हादसे से बचा जा सकता था
ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते जर्जर तारों को बदल दिया गया होता। तो यह दुखद हादसा टाला जा सकता था। यह सीधे तौर पर बिजली विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने विभाग के गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर सवाल उठाए। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उचित कार्रवाई की मांग की। उनकी मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
पुलिस और विभाग की जांच
थाना दादों पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के संबंध में पुलिस और बिजली विभाग दोनों अपने-अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिजनों से शांति बनाए रखने की अपील की है।