अग्निपथ योजना : छात्रों के बवाल से राजधानी समेत कई ट्रेनें निरस्त
सियालदाह-अजमेर से आए सासाराम के बंटू ने बताया कि ट्रेन कई छोटे स्टेशनों पर रुकते हुए आई। पानी खत्म हो जाने की वजह से दिक्कत हुई। बाद में पंडित दीन दयाल उपाध्याय में जाकर पानी नसीब हुआ।
विस्तार
अग्निपथ योजना को लेकर चल रहे बवाल की वजह से शुक्रवार को प्रयागराज से बिहार होकर हावड़ा एवं नार्थ ईस्ट की तरफ जाने वाली ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया। बिहार के दानापुर आदि स्टेशनों में ट्रेनों में की गई आगजनी की वजह से रेलवे ने शुक्रवार को कई ट्रेनें निरस्त कर दी। इसमें से कई प्रयागराज भी आती है। इस बीच तमाम स्थानों पर ट्रेनों को रोक लिए जाने की वजह से जंक्शन और छिवकी आने वाली तमाम ट्रेनें लेट हो गई। ट्रेनों के विलंब से आने की वजह से यात्रियों को भी खासी परेशानी हुई।
दरअसल भारतीय सेना की अग्निपथ योजना को लेकर बृहस्पतिवार से ही बिहार एवं कुछ अन्य राज्यों में युवा विरोध कर रहे हैं। वहां कई ट्रेनों में आगजनी एवं उन्हें प्रदर्शनकारियों द्वारा रोक लिए जाने से प्रयागराज से हावड़ा एवं पूर्वोत्तर राज्यों की तरफ जाने वाली ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया है। इस वजह से जहां एक तरफ ट्रेनों की लेट लतीफी बढ़ गई है तो दूसरी तरफ रेलवे द्वारा कई ट्रेनें बृहस्पतिवार को एहतियातन निरस्त कर दी गई। जो ट्रेनें निरस्त की गई हैं उसमें से कई प्रयागराज के रास्ते भी संचालित होती हैं।
फिलहाल जो ट्रेनें प्रयागराज नहीं आएंगी, उसमें 12309 पटना राजधानी एक्सप्रेस, 15483 महानंदा एक्सप्रेस, 12505 नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, 12273 हावड़ा- नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस, 12335 मालदा टाउन-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, 12792 दानापुर-सिकंदराबाद आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस बीच बृहस्पतिवार को बिहार के तमाम शहरों से प्रयागराज आने वाली कई ट्रेनें विलंब से पहुंची। इन ट्रेनों से आए यात्रियों को लेटलतीफी की वजह से काफी परेशानी हुई।
यात्रियों ने बताया कि ट्रेन में प्रदर्शनकारियों ने किया था पथराव
सियालदाह-अजमेर से आए सासाराम के बंटू ने बताया कि ट्रेन कई छोटे स्टेशनों पर रुकते हुए आई। पानी खत्म हो जाने की वजह से दिक्कत हुई। बाद में पंडित दीन दयाल उपाध्याय में जाकर पानी नसीब हुआ। इसी तरह नौ घंटे की देरी से पहुंची सीमांचल एक्सप्रेस से आए राधेश्याम, अरविंद ने कहा कि जब तक ट्रेन बिहार में रही, तब तक दिल की धड़कन बढ़ी रही।
राधेश्याम ने कहा कि सीमाचंल में भी एक स्थान पर कुछ लोगों ने पथराव किया था, लेकिन उस दौरान ट्रेन चल रही थी और यात्रियों ने तुरंत खिड़की एवं दरवाजे बंद कर दिए। राहत की बात यह रही कि कोई इससे घायल नहीं हुआ। इसी ट्रेन के जनरल कोच से आए विनय चौरसिया ने बताया कि पथराव की वजह से काफी तेज आवाज भी आ रही थी। सरकार को चाहिए कि वह ट्रेनों में पत्थर बरसाने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई करें। ताकि भविष्य में ऐसी हिमाकत ऐसे लोग फिर न करें।
ये ट्रेनें आई देरी से
अग्निपथ योजना को लेकर हुए बवाल की वजह से बृहस्पतिवार को प्रयागराज जंक्शन की ओर आने वाली कई ट्रेनों को जगह-जगह रोक लिया गया। इस वजह से 11061 पवन एक्सप्रेस, 12791 सिकंदराबाद-दानापुर, 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, 18205 दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस, 19481 अहमदाबाद-गोरखपुर, 12751 वास्कोडिगामा-पटना एक्सप्रेस, 12818 आनंद विहार-हटिया, 12336 लोकमान्य तिलक-भागलपुर, 20802 मगध एक्सप्रेस, 19435 अहमदाबाद-आसनसोल, 12308 जोधपुर-हावड़ा, 12820 आनंद विहार-भुवनेश्वर, 12312 नेता जी एक्सप्रेस, 12396 अजमेर-राजेंद्र नगर, 18310 मुरी एक्सपेस आदि ट्रेनें दो से दस घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची।
देर शाम तक आरक्षण काउंटर पर चलता टिकट निरस्तीकरण
बिहार में हए बवाल की वजह से वहां जाने वाली तमाम ट्रेनों के यात्रियों ने बृहस्पतिवार को टिकट निरस्त करवा दिए। इस बीच रेलवे द्वारा कुछ ट्रेनें भी कैंसिल कर दी गई। फिलहाल रात आठ बजे तक प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, रामबाग, प्रयाग जंक्शन स्थित रिजर्वेशन काउंटर पर 250 से ज्यादा टिकट यात्रियों द्वारा निरस्त करवा दिए गए। एनसीआर के सीनियर पीआरओ डा. अमित मालवीय ने बताया कि टिकट निरस्तीकरण के वास्तविक आंकड़े शनिवार को ही उपलब्ध होंगे।