UP : आशुतोष ब्रह्मचारी बोले- शंकराचार्य को भेजा जाए जेल, सनातन के नाम पर लेते हैं विदेशों से धन
Swami Avimukteshwaranand Case : शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य पर पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने बुधवार को मीडिया के सामने शंकराचार्य पर कई और गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने उनको तत्काल गिरफ्तार करने की मांग प्रशासन से की है।
विस्तार
ज्योतिर्मठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद गिरि ब्रह्मचारी के ऊपर बाल यौन शोषण का केस दर्ज कराने वाले शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य को तत्काल जेल भेजने की मांग की। बुधवार को वह लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सनातन धर्म का चोला ओढ़कर विदेशों से फंडिंग लेते हैं। इसी कारण से मां गंगा ने उन्हें स्नान करने से रोक दिया। आरोप लगाया कि अविमुक्तेश्वरानंद के गुरु को ही शंकराचार्य की उपाधि नहीं मिली थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि अविमुक्तेश्वरानंद को गिरफ्तार कर तत्काल जेल में डालना चाहिए। यह भी आरोप लगाया कि वह मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर विद्यामठ सहित अन्य स्थानों पर यौन शोषण करते हैं।
पुलिस अधिकारी के साथ के फोटो को बताया एआई जनित
आशुतोष ब्रह्मचारी ने प्रयागराज के एक पुलिस अधिकारी के साथ वायरल हुए अपने एक फोटो को एआई जनित बताया है। कहा कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है। यह उनको बदनाम करने और जांच प्रभावित करने के लिए साजिश के तहत फेक फोटो तैयार किया गया है। इसके खिलाफ वह कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि वह कोई हिस्ट्रीशीटर नहीं हैं न ही उनके ऊपर कोई मुकदमा है। किसी पुलिस अधिकारी ने उनके हिस्ट्रीशीटर होने की पुष्टि नहीं की है। सब मनगढ़ंत आरोप लगाया जा रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
