Prayagraj : सात दिन से लापता इंटर की छात्रा का यमुना में मिला शव, नए पुल से छलांग लगाकर खुदकुशी की आशंका
करछना के सुलमई गांव निवासी 12वीं की छात्रा मानसी (22) का शव सात दिन बाद बुधवार को मनकामेश्वर मंदिर के पीछे यमुना नदी में उतराता मिला। वह 16 जुलाई को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
करछना के सुलमई गांव निवासी 12वीं की छात्रा मानसी (22) का शव सात दिन बाद बुधवार को मनकामेश्वर मंदिर के पीछे यमुना नदी में उतराता मिला। वह 16 जुलाई को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस प्रथम दृष्टया नए यमुना पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। कीडगंज पुलिस का कहना है कि छात्रा ने जान क्यों दी, परिजन इस बात को छिपा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि मानसी एक सप्ताह से घर से लापता थी। परिजनों का कहना है कि वह अक्सर झूंसी स्थित अपनी बड़ी बहन की ससुराल चली जाती थी। 16 जुलाई को घर नहीं लौटने पर लगा कि झूंसी चली गई होगी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को भी कोई सूचना नहीं दी। अब शव मिलने पर परिवार के लोग अनहोनी की आशंका जाहिर करने लगे।
पांच दिन कहां रही मानसी, कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
प्रयागराज। 12वीं की छात्रा मानसी 16 जुलाई को घर से निकली थी जबकि उसका शव सात दिन बाद यमुना में मिला। ऐसे में सवाल यह है कि घर से निकलने के बाद वह पांच दिनों तक कहां रही और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। कीडगंज पुलिस के मुताबिक, 12वीं के बाद मानसी ने इसी वर्ष क्षेत्र के एक कॉलेज में स्नातक में प्रवेश लिया था। उसके पिता के शराब पीने की बात भी सामने आई है। परिजनों के अनुसार, मानसी की देखभाल ननिहाल में मामा करते थे। घटनास्थल से छात्रा का मोबाइल फोन भी मिला।
ऐसे में अब जांच का फोकस मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, सीडीआर, संभावित लोकेशन, कॉलेज और परिचितों से पूछताछ, साथ ही नए यमुना पुल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज पर रहेगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारण और घर से निकलने के बाद की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सकेगी।