UP : डिप्टी सीएम केशव बोले- वैश्विक संकट के बीच भारत में सबसे कम मूल्य वृद्धि, कांग्रेस को जनता देगी जवाब
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेने के लिए प्रयागराज पहुंचे केशव ने कहा कि वैश्विक संकट के बीच भारत ने सबसे कम मूल्य वृद्धि की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेने के लिए प्रयागराज पहुंचे केशव ने कहा कि वैश्विक संकट के बीच भारत ने सबसे कम मूल्य वृद्धि की है। कांग्रेस ने मोदी को महंगाई मैन बताया है, इस सवाल पर केशव ने कहा कि कांग्रेस को जनता आगामी चुनाव में जवाब देगी। कांग्रेस का बयान बेहद हास्यास्पद है।
केशव ने कहा कि सपा के पास कार्यकर्ता नहीं बल्कि गुंडे और माफियाओं की फौज है। सपा में कार्यकर्ताओं को कट्टा और बम बनाने का और दंगा कराने का प्रशिक्षण दिया जाता है। भाजपा के पास देश के लिए जान देने वाले समर्पित कार्यकर्ता है। पश्चिम बंगाल में 300 से अधिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए बलिदान दिया है तब जाकर भाजपा वहां सत्ता में आई है। कहा कि बिहार चुनाव के बाद अखिलेश यादव के हौसले पस्त हो गए थे। पश्चिम बंगाल चुनाव से उनको कुछ उम्मीद थी कि टीएमसी के जीतने के बाद कुछ उम्मीद की किरण दिखेगी लेकिन वह भी खत्म हो गई है। सपा मुखिया समेत उनके सारे कार्यकर्ता और पदाधिकारी मायूस हैं। अब कोई भी सपाई लाल टोपी और जालीदार टोपी में नहीं दिख रहा है।
भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने के लिए करती है काम
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश बनाने के लिए काम करती है। उन्होंने विपक्षी दल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के पास गुंडे, अपराधी, माफिया और दंगाई हैं, जबकि भाजपा के पास देवतुल्य कार्यकर्ता हैं, जिनका एकमात्र ध्येय मां भारती की सेवा करना है। डिप्टी सीएम रविवार को कैंटोनमेंट पैलेस में भाजपा प्रयागराज महानगर के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि संगठन में प्रशिक्षण वर्ग का बहुत महत्व है और यह संगठन का मुख्य आधार है। यहां से जो सीखकर जाएं, उसे अन्य कार्यकर्ताओं में भी बांटें। उन्होंने पश्चिम बंगाल में पार्टी की ऐतिहासिक विजय पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस जीत से पूरा देश उत्साह से लबरेज है। विपक्ष ने 2024 के लोकसभा चुनाव में दुष्प्रचार किया, जिससे हमारे सांसदों की संख्या घटी। विपक्ष के पास जब कोई मुद्दा नहीं होता तो वह दुष्प्रचार का सहारा लेता है, पार्टी कार्यकर्ताओं को इससे सजग रहकर मुकाबला करना होगा।
केशव ने कहा कि वर्ष 2027 की विजय ही 2029 की जीत की गारंटी होगी, इसी विश्वास के साथ हमें मैदान में मेहनत करनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सवाल किया कि अगर देश और प्रदेश में कमल न खिला होता, तो क्या राम मंदिर का निर्माण और धारा 370 का हटना मुमकिन हो पाता? आज दुनिया के बड़े कारोबारी भारत और उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं। विरोधी सोचते हैं कि बंगाल जीतने के बाद भाजपा कार्यकर्ता आराम करेंगे, लेकिन भाजपा कभी बैठती नहीं है और हम अभी से 2027 की तैयारियों में जुट गए हैं। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद प्रवीण पटेल, राज्य सभा सदस्य सीमा द्विवेदी, विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह, एमएलसी डॉ केपी श्रीवास्तव, नीरज त्रिपाठी, आनंद सोनकर, विक्रमजीत भदौरिया, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, विश्वास श्रीवास्तव, अजय राय, डा. शैलेष पांडेय अभिषेक सिंह आदि उपस्थित रहे।
विपक्ष की आलोचना पर देश हंसता है
इस बीच मीडिया से औपचारिक बातचीत में डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस की हरकतों पर आज पूरा देश हंसता है। वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच भारत में सबसे कम मूल्य वृद्धि हुई है, फिर भी कांग्रेस इसकी आलोचना कर रही है, जिसका जवाब देश की जनता आगामी चुनावों में देगी। अखिलेश यादव के तंज पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों में अखिलेश ने जिनका भी साथ दिया, वे सब हार गए। इससे सपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के हौसले पूरी तरह पस्त हो चुके हैं। बाद में केशव ने भाजपा गंगापार की ओर से भी आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में शिरकत की।
कुल 11 सत्रों में संगठन की मजबूती पर मंथन
प्रयागराज महानगर का यह जिला प्रशिक्षण वर्ग कुल 11 सत्रों में आयोजित किया जा रहा है। रविवार को छह सत्र हुए जबकि पांच सत्र सोमवार को होंगे। प्रदेश प्रवक्ता व वर्ग प्रभारी मनीष शुक्ल की मौजूदगी में आयोजित इन सत्रों में कार्य विस्तार, चुनाव प्रबंधन, बूथ प्रबंधन, वैचारिक अधिष्ठान, कार्य पद्धति और देश के सम्मुख चुनौतियों जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से मंथन किया जा रहा है। इसके साथ ही परिसर में सरकार और संगठन से संबंधित विषयों पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसका अवलोकन डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं के साथ किया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.