Prayagraj : झुलसा देने वाली गर्मी में 36 परिषदीय स्कूलों की काटी गई बिजली, स्मार्ट क्लास ठप
45 डिग्री तापमान में सोरांव के 36 परिषदीय विद्यालयों की बिजली काट दी गई है। इन स्कूलों में पिछले एक महीने से न पंखा चल रहा है न ही स्मार्ट क्लास का संचालन हो पा रहा है। बच्चे पानी के लिए भी परेशान हो रहे हैं।
विस्तार
45 डिग्री तापमान में सोरांव के 36 परिषदीय विद्यालयों की बिजली काट दी गई है। इन स्कूलों में पिछले एक महीने से न पंखा चल रहा है न ही स्मार्ट क्लास का संचालन हो पा रहा है। बच्चे पानी के लिए भी परेशान हो रहे हैं।
सोरांव क्षेत्र में कुल 95 विद्यालय संचालित हैं। इसमें शिवगढ़ प्रथम, नारायणपुर, बाहर सराय, बारी, बहोरिकपुर, सोरांव, खेमानंदपुर समेत कई विद्यालयों पर लाखों रुपये का बिजली बिल बकाया है। बताया जाता है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने ग्राम प्रधानों के पास बिल पहुंचा दिया था। मगर ग्राम प्रधानों का कहना है कि उनके पास बजट ही नहीं है।
इसके बाद 24 मार्च से विभाग ने स्कूलों का कनेक्शन काटना शुरू कर दिया। अब तक 36 स्कूलों की बिजली काटी जा चुकी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कनेक्शन जुड़वा दिया जाएगा। मगर सवाल यह उठता है कि भीषण गर्मी में बिजली कटने की नौबत ही क्यों आई? अधिकारियों ने बिजली विभाग से इस बाबत पहले क्यों नहीं बात की।
एक महीने से गुल है बिजली
प्राथमिक विद्यालय हरिजन बस्ती बाहर सराय की प्रधानाध्यापिका स्नेहलता ने बताया कि उनके विद्यालय में 102 बच्चे पंजीकृत हैं। बिजली न होने से कक्षाओं में पंखे बंद हैं। बच्चे गर्मी से परेशान हैं। वहीं, जूनियर हाईस्कूल सराय बाहर की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका कुमकुम श्रीवास्तव ने बताया कि उनके विद्यालय में भी यही स्थिति है। 66 बच्चे पढ़ते हैं। मिड डे मील बनाने में भी दिक्कत आ रही है। इसके साथ ही स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर आधारित शिक्षण गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं। इस कारण कई स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम हो गई है।
जिले के 450 स्कूलों पर चार करोड़ 72 लाख 65 हजार 423 रुपये का बिजली बिल बकाया है। इनमें 418 प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक और 32 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। सोरांव ब्लॉक में 86 व आठ, मऊआइमा में 73 व नौ, होलागढ़ में 95 व 11, कौड़िहार में 68 व चार क्रमश: प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय और माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। वहीं शृंग्वेरपुर ब्लॉक में 64 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों पर बिजली का बिल बकाया है।
जिन विद्यालयों के कनेक्शन काटे गए हैं उनकी सूची उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाएगी। -सुमन मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी, सोरांव
मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी के साथ बैठक में पंचायतीराज विभाग के संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कनेक्शन जुड़वाने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली न होेने से बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं। इसी सप्ताह के भीतर सभी विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। - बेसिक शिक्षा अधिकारी, अनिल कुमार
सोरांव ब्लॉक क्षेत्र के 36 परिषदीय स्कूलों में बिजली बिल का बकाया है। इन सभी स्कूलों को नोटिस जारी कर बिल जमा करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद बिल नहीं जमा कराया गया है। इस वजह से स्कूलों का बिजली कनेक्शन काटा गया है। अगर किस्तों में भी बिल जमा होता है तो बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। - महेंद्र प्रसाद, एक्सईएन फाफामऊ

कमेंट
कमेंट X