Nag Panchami 2026 : नाग पंचमी पर शिवमंदिरों में उमड़ा सैलाब, तीसरे सोमवार पर बना अद्भुत संयोग
सावन महीने के तीसरे सोमवार पर नाग पंचमी का संयोग होने से नाग वासुकि मंदिर समेत सभी शिवमंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही दूध लावा चढ़ाने के लिए दारागंज स्थित पौराणिक नागवासुकि मंदिर में भक्तों की भीड़ जमा हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन महीने के तीसरे सोमवार पर नाग पंचमी का संयोग होने से नाग वासुकि मंदिर समेत सभी शिवमंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही दूध लावा चढ़ाने के लिए दारागंज स्थित पौराणिक नागवासुकि मंदिर में भक्तों की भीड़ जमा हो गई। यहां पर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक बंदोबस्त रहा। गंगा किनारे स्थित नागवासुकि मंदिर में हर हर महादेव का उद्घोष गूंजता रहा। यमुना तट पर स्थित श्री मनकामेश्वर मंदिर, नैनी के अरैल में सोमेश्वर नाथ समेत सभी मंदिरों में लोगों का जन सैलाब दिखा।
नागराज वासुकि का दूध और बेलपत्र से पूजन
नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के महासंयोग पर सोमवार को बारिश के बीच भक्त शिवालयों में दूध, बेलपत्र, फल, फूल और पूजन सामग्री लेकर पहुंचे। पौराणिक नागवासुकि मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की कतार लग गई।
श्रद्धालुओं ने नागराज वासुकि को दूध, जल, फूल, माला, चंदन अर्पित कर पूजन किया। मंदिर में रुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार, राहु-केतु शांति जाप और हवन भी कराया गया। शाम को बाबा का पुष्प रत्न शृंगार कर पुजारी श्यामधर त्रिपाठी के नेतृत्व में महाआरती हुई। पं. धीरज पांडे के अनुसार, नागपंचमी पर नागवासुकि के दर्शन-पूजन से सर्प बाधा और कालसर्प दोष से मुक्ति मिलती है।
उधर, दरियाबाद स्थित तक्षक तीर्थ बड़ा शिवाला में आचार्य रविशंकर के सानिध्य में विशेष शृंगार, अभिषेक-पूजन और कालसर्प मुक्ति अनुष्ठान हुआ। मनकामेश्वर मंदिर में महंत श्रीधरानंद सरस्वती के सानिध्य में अभिषेक-पूजन और रात्रि में महा शृंगार किया गया।
सिविल लाइंस हनुमान मंदिर स्थित शिव मंदिर, भोलेगिरि, कामोरीनाथ महादेव, शिव कचहरी, पंडिला महादेव, कोटेश्वरनाथ महादेव और हाटकेश्वरनाथ महादेव समेत अन्य शिवालयों में भी विशेष पूजन हुआ। दारागंज के प्राचीन घाट पर गंगा स्नान के बाद कांवड़िये शिवालयों की ओर रवाना हुए।ललितेश्वर-पारदेश्वर महादेव का भव्य शृंगार
मीरापुर स्थित ललिता देवी मंदिर परिसर में ललितेश्वर महादेव और पारदेश्वर महादेव का भव्य शृंगार किया गया। देर रात तक दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। पं. शिवमूरत मिश्रा के नेतृत्व में ललितेश्वर महादेव का अभिषेक किया गया। महिला मंडल ने कजरी प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। व्यवस्था में हरिमोहन वर्मा, प्रदीप जायसवाल, उमेश मिश्रा, सुमित श्रीवास्तव व गिरिशंकर प्रभाकर आदि मौजूद रहे।