प्रयागराज में बाढ़!: टापू बना जॉर्जटाउन, कहीं घर डूबे तो कहीं चहारदीवारी गिरी; दो घंटे में 63 का रेस्क्यू
प्रयागराज में हुई जोरदार बारिश से एक तिहाई इलाकों में भीषण जलभराव हो गया। करेली के कई मोहल्लों में हालात बिगड़ गए। जॉर्जटाउन इलाका टापू में बदल गया। जाफरी कॉलोनी में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। इस दौरान कुल 63 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रविवार रात से सोमवार सुबह तक जोरदार बारिश से शहर के एक तिहाई इलाकों में भीषण जलभराव हो गया। करेली के कई मोहल्लों में हालात बिगड़ गए। कई मकानों में पहली मंजिल तक पानी पहुंचने से लोग फंस गए। जॉर्जटाउन इलाका टापू में तब्दील हो गया। आनंदपुरम स्थित जाफरी कॉलोनी में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। कई इलाकों में लोगों को आधी रात घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। घरों में पानी भरने से बच्चे घबरा गए। सामान खराब होने से महिलाएं रोती नजर आईं।
करेली के जसीर की पुलिया समेत आसपास के इलाकों में रविवार रात घरों में पानी घुसने से लोग दहशत में आ गए। एक मकान की दीवार ढहने से लोगों की चिंता बढ़ गई। जलभराव की सूचना मिलते ही एसीपी अतरसुइया राम सिंह, करेली थाना प्रभारी सच्चिदानंद सिंह मौके पर पहुंचे। स्थिति गंभीर देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम कमांडर निरीक्षक बृजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में 30 सदस्यीय टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
एनडीआरएफ ने पहले उन स्थानों को चिह्नित किया, जहां पानी अधिक भरा था और लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया था। इसके बाद नाव के जरिये जलभराव वाले इलाकों में पहुंचकर घरों और मदरसे में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। दो घंटे चले रेस्क्यू में 49 बच्चों और आठ महिलाओं समेत कुल 63 लोगों को बाहर निकाला।
यहां बुरे हालात, घुटनों तक भरा पानी
सीएमपी डिग्री कॉलेज से जॉर्जटाउन, संगम टंकी, वन विभाग कार्यालय के चारों तरफ पानी घुटने तक भरा नजर आया। नालों का पानी ओवरफ्लो होकर गलियों और लोगों के घरों में पहुंचता रहा। सबसे खराब स्थिति अल्लापुर, न्यू सोहबतियाबाग, करेली गड्डा कॉलोनी, दरियाबाद, साउथ मलाका आजाद स्क्वायर, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम, राजापुर, छोटा बघाड़ा, बड़ा बघाड़ा, शिवकुटी, तेलियरगंज और नैनी में रही। इन इलाकों में भी घुटने तक पानी भर गया। शिकायत पर नालों की सफाई करने पहुंचे कर्मचारी भी असहाय नजर आए। लोग कामकाज छोड़कर पानी निकलने का इंतजार करते रहे।
15 करोड़ खर्च होने के बाद ये दशा
इस वर्ष मानसून की तैयारी के मद्देनजर नगर निगम ने 15 करोड़ रुपये की लागत से जोनवार कुल 955 नालों की सफाई का दावा किया था। इनमें बड़े नाले 166, मझोले नाले 310 व छोटे नाले 479 शामिल हैं, मगर इतनी सफाई के बावजूद शहर में पानी भर गया।
अल्लापुर और गड्ढा कॉलोनी में बिगड़े हालात
बारिश के दौरान अल्लापुर, गड्डा कॉलोनी में हालात काफी बिगड़ गए। बाघम्बरी हाउसिंग स्कीम, शिवनगर, अल्लापुर में घरों और सड़कों पर पानी भर गया। जिन घरों में पानी भरा, उन्होंने दूसरे के यहां शरण ली। जहां सड़कों पर पानी भरा था, वहां लोग घरों में कैद रहे। नंदगांव राजरूपपुर वार्ड में दो जगह नाले की दीवार गिर गई। इससे 60 से 70 घरों में पानी घुस गया। आनंदपुरम जैन मंदिर के पास 70 से 80 घरों में छह-छह फीट तक पानी घुस गया। वरिष्ठ पार्षद शिवसेवक सिंह ने नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता और महाप्रबंधक से मिलकर जल निकासी की मांग की।
नाले की सफाई होनी है। मैदान में गंदगी भर जाती है। घर का एक फ्लोर डूब जाता है। - शाहीन फातिमा
नाले के अंदर पानी का पाइप डाला है। इसकी वजह से पानी भर जाता है।-नसीमा बंगम
नाला चोक हो गया है। जलभराव होने से आने जाने में बड़ी समस्या होती है।- मो. अख्तर
घरों में सीवर का पानी आ जाता है। नगर निगम से मांग है कि जल्द समाधान करे।- रेहाना बेगम
बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव हुआ है। कर्मियों को भेजकर चोक नाले खुलवाए गए हैं। कई स्थानों पर पंप लगाकर पानी हटवाया गया है। सभी पंपिंग स्टेशन व मोरी गेट का मौका मुआयना भी किया गया है।- शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त
मंगल विहार कॉलोनी में गिरी चहारदीवारी, छह वाहन क्षतिग्रस्त
कालिंदीपुरम स्थित मंगल विहार कॉलोनी में बारिश के दौरान एक चहारदीवारी ढह गई। इससे तीन कार और तीन बाइक समेत कुल छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने बाद प्रयागराज विकास प्राधिकरण से शिकायत की है। कॉलोनी के राजेश मिश्रा का कहना है कि नाला तो बनाया गया है लेकिन पानी की निकासी के लिए व्यवस्था नहीं की गई है। इस कारण बारिश का पानी जमा हो जाता है। इसी कारण चहारदीवारी भी ढह गई। लोगों ने आशंका जताई है कि सड़क के सामने वाली चहारदीवारी को भी खतरा है। वह भी कभी भी गिर सकती है। उन्होंने प्राधिकरण से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।
बारिश के दौरान शहर में 19 स्थानों पर पेड़ गिरे। इससे गिरे पेड़ इन इलाकों का यातायात प्रभावित रहा। इनमें सुलेम सराय, कीडगंज, प्रीतमनगर और ट्रांसपोर्टनगर, हाईकोर्ट चीफ जस्टिस के आवास के आगे सोमनाथ द्वार, झलवा में तीन स्थान, करेली मस्तान मार्केट, करेली सोलह मार्केट, बीएसएनएल कॉलोनी चौफटका, धूमनगंज, न्याय नगर बाला जी मंदिर, अमिताभ बच्चन स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स के अंदर, द्वारिकापुरी कॉलोनी के सामने, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी और झुंसी चक चौराहा शामिल रहे। नगर निगम ने पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया, लेकिन काफी समय पर सड़कें बाधित रहीं।