Prayagraj News : तेज बारिश में धुली नगर निगम की तैयारी, जाफरी कॉलोनी में घुसा नाले का पानी
मानसून की पहली तेज बारिश ने बृहस्पतिवार को नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी। निगम की बरसात को लेकर की गई सारी तैयारी धुल गई। सड़क से लेकर गलियों तक जलभराव हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानसून की पहली तेज बारिश ने बृहस्पतिवार को नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी। निगम की बरसात को लेकर की गई सारी तैयारी धुल गई। सड़क से लेकर गलियों तक जलभराव हो गया। शहर पश्चिमी स्थित जाफरी कॉलोनी में उफनाए नाले का गंदा पानी सड़क से होता लोगों के घरों में घुस गया।
बारिश के बाद हर तरफ कीचड़, उफनाए सीवर के चैंबर और नालियों का बदबूदार पानी फैला था। लोगों को फिसलन व गंदगी का सामना करना पड़ा। सुबह- दोपहर के साथ रात में हुई तेज बारिश मुसीबत बढ़ा गई। शहर के कई चौराहों व मुख्य मार्गों पर पानी भर गया। इनमें सबसे ज्यादा खराब स्थिति महाराणा प्रताप चौराहा, धोबी घाट, म्योराबाद चौराहा, प्रधान डाकघर के पास, धरना स्थल, बालसन चौराहे की रही।
मेडिकल चौराहा, सीएमपी मार्ग व डॉटपुल, सूरज कुंड पुलिस चौकी डॉट पुल, खुल्दाबाद, रामबाग चौराहा, अलोपीबाग चौराहा सहित कई अन्य स्थानों पर जल निकासी न होने की वजह से सड़क के किनारे-किनारे बरसाती पानी भर गया।
महाराणा प्रताप चौराहा में किनारे की तरफ फुटपाथ व रोड के बीच में मिट्टी भसकने की वजह से गड्ढा हो गया। इसके अलावा धोबी घाट चौराहा, धरना स्थल, प्रधान डाकघर, लूकरगंज, खुल्दाबाद सहित कई अन्य इलाकों में सीवर का चैंबर पहले से ज्यादा धंस गया। मौके पर पानी भरने से बारिश के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा बना रहा।
पुराने शहर के मानसरोवर, अल्लापुर, बाघंबरी गद्दी, शिवकुटी, तेलियरगंज, गोविंदनगर रसूलाबाद घाट चौराहा, दारागंज, जांनसेनगंज, पान दरीबा, कल्याणी देवी, अतरसुइया, जॉर्जटाउन, मुट्ठीगंज, मीरापुर, करैली, करेलाबाग, दरियाबाद, ट्रांसपोर्ट नगर, प्रतीम नगर, चकिया, काला डांडा, राजरूपपुर व कालिंदीपुरम सहित कई अन्य इलाकों में नाले का पानी ओवर फ्लो होकर गलियों व मोहल्ले की सड़कों पर बहने लगा। दिन में तो गनीमत रही लेकिन रात में दिक्कतें बढ़ गईं।
इस बीच चकिया, करबला व जाफरी कॉलोनी में नाले से निकाली गई सिल्ट सड़क पर फैल गई। जिसकी वजह से हर तरफ कीचड़ व गंदगी फैल गई। वहीं जॉफरी कॉलोनी में नाला चोक होने की वजह से लोगों के घरों में नाले का पानी घुस गया।
बारिश के पानी को निकालने का काम निरंतर किया जा रहा है। नगर निगम की टीमें छोटे व बड़े पंप के साथ पानी निकालने का काम कर रही हैं। वहीं नालों की सिल्ट को भी हटाने का काम किया जा रहा है। - शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम।
बारिश से शास्त्री पुल पर मरम्मत कार्य प्रभावित, आवागमन में दिक्कत
प्रयागराज और वाराणसी को जोड़ने वाले शास्त्री पुल के दारागंज-झूंसी लेन की सड़क का मरम्मत कार्य बृहस्पतिवार को बारिश के कारण प्रभावित हुआ। लगभग डेढ़ घंटे की मूसलाधार बारिश से निर्माण सामग्री भीग गई। पुल पर रखी गिट्टी की छोटी छर्रियां सड़क पर फैल गईं।
इससे दो और चार पहिया वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हुई। प्रभावित लेन पर रह-रहकर जाम भी लगता रहा, जिससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। लोक निर्माण विभाग के सामने मानसून एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है।
शास्त्री पुल के दारागंज-झूंसी लेन पर 2200 मीटर लंबी सड़क की मरम्मत का कार्य चार जून से शुरू हुआ था। इस कार्य को 15 जुलाई तक पूरा करने की समय सीमा तय की गई है। हालांकि, अभी भी काफी काम बचा हुआ है। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क निर्माण का कार्य पिछड़ता दिख रहा है। बृहस्पतिवार को सुबह से शाम तक कई चरणों में हुई बारिश से पुल के प्रभावित लेन पर कई जगहों पर जलभराव हो गया।
सड़क निर्माण की सामग्री बारिश से काफी हद तक भीग गई थी। पुल के किनारे रखी गई गिट्टी की छोटी छर्री बिखरकर आधी सड़क तक फैल गई। सड़क निर्माण में लगी मशीनें भी पानी से तर-बतर हो गईं। सड़क पर गिट्टी की छर्री बिखरी होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। भारी बारिश के कारण प्रभावित लेन पर जाम जैसे हालात बने रहे, जिससे दो और चार पहिया वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े।
लोक निर्माण विभाग खंड तीन के सहायक अभियंता केएस श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ देर की बारिश से निर्माण कार्य पर खास असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रात आठ बजे के बाद ब्लॉक मिलने पर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, बारिश के कारण रात नौ बजे तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था।