Sir In Prayagraj :प्रयागराज में वोटर बने 2.66 लाख नए चेहरे, 10 अप्रैल को प्रकाशित होगी अंतिम सूची
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज करने का काम शुक्रवार को पूरा हो गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज करने का काम शुक्रवार को पूरा हो गया। इस अभियान के दौरान जिले में रिकॉर्ड 2,66,237 नए मतदाताओं ने फॉर्म-छह जमा किया है। 10 अप्रैल को जब अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी तो प्रयागराज के मतदाता कुनबे में इन नए चेहरों की इंट्री पक्की हो जाएगी।
बता दें कि छह जनवरी को जब आलेख्य सूची का प्रकाशन हुआ था तब जिले में कुल 35,36,555 मतदाता थे। दो महीने के सघन अभियान के बाद अब यह संख्या बढ़कर 38,02,792 तक पहुंचनी तय मानी जा रही है। इसमें युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं की संख्या में भारी उछाल देखा गया है।
प्रशासन केवल नए नाम जोड़ने पर ही नहीं, बल्कि सूची को शुद्ध करने पर भी जोर दे रहा है। नो मैपिंग और तार्किक विसंगति वाले 10.62 लाख संदिग्ध मतदाताओं की पहचान की गई थी। इसमें से 9.36 लाख वोटरों को अब तक नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं, 9.19 लाख मामलों में सुनवाई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
अभी और बढ़ेंगे नाम, जारी रहेगा संक्षिप्त पुनरीक्षण
बताया जा रहा है कि विशेष अभियान (एसआईआर) समाप्त हो गया है, लेकिन मतदाता बनने का अवसर अभी खत्म नहीं हुआ है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान आगे भी अलग-अलग चरणों में चलता रहेगा। जो युवा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, वे आगामी तारीखों में अपना नाम सूची में दर्ज करा सकते हैं।
बोलीं अफसर
अंतिम तिथि तक दो लाख 66 हजार नए वोटरों के आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी अब गहन जांच की जाएगी। विसंगति वाले मतदाताओं की सुनवाई अभी जारी रहेगी, ताकि एक पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार की जा सके। - पूजा मिश्रा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
