UP Board : मूल्यांकन के दौरान सामूहिक नकल का खुलासा, प्राथमिकी दर्ज कराएं जाने की तैयारी
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान सामूहिक नकल का बड़ा मामला सामने आया है।
विस्तार
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान सामूहिक नकल का बड़ा मामला सामने आया है। खुलासे के बाद विभागीय अधिकारी केंद्र व्यवस्थापक समेत अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी में जुट गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही इस मामले में कार्रवाई हो सकती है।
जिले के पंडित अनंत राम पांडेय इंटरमीडिएट कॉलेज, लेहारी बसही करछना परीक्षा केंद्र की रसायन विज्ञान और इतिहास विषय की उत्तर पुस्तिकाओं में गड़बड़ी पकड़ी गई है। अलीगढ़ स्थित मूल्यांकन केंद्र पर जांच के दौरान उप प्रधान परीक्षक और परीक्षकों ने पाया कि कुल 286 उत्तर पुस्तिकाओं में से 42 ‘बी’ कॉपियों का हस्तलेख अलग था। कुछ उत्तर पुस्तिकाओं में उत्तर हिंदी के बजाय अंग्रेजी में लिखे गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि कई कॉपियों में परीक्षार्थियों द्वारा ‘ए’ उत्तर पुस्तिका में लिखे गए उत्तरों को काटकर ‘बी’ उत्तर पुस्तिका में दूसरे हस्तलेख में दोबारा लिखा गया है, जिससे संगठित स्तर पर नकल और कॉपियों में हेरफेर की आशंका मजबूत हो गई है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को पूरे मामले की गहन जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्र की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग जब्त करने, उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन का समय, उन्हें जमा करने वाले व्यक्तियों, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती और ड्यूटी की वैधता की भी जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पिछले वर्ष भी इसी तरह ‘बी’ कॉपियों में हेरफेर के आरोप में एक परीक्षा केंद्र को डिबार किया जा चुका है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा पर्याप्त सतर्कता नहीं बरती गई।
केंद्र निर्धारण पर भी उठे सवाल
प्रयागराज में बड़े पैमाने पर नकल कराने के आरोप लगते रहे हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में अनियमितताओं की भी चर्चा है। आरोप है कि एक ही प्रबंधक के कई स्कूलों को सांठगांठ कर केंद्र बना दिया गया, जिससे नकल को बढ़ावा मिला। अब सवाल उठ रहा है कि इस पूरे प्रकरण के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है।