Prayagraj : जॉर्जटाउन में चकबंदी की गलत पैमाइश से नाराज छात्र टंकी पर चढ़ा, पांच घंटे हंगामा
जॉर्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर स्थित हैजा अस्पताल के पास रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 27 वर्षीय प्रतियोगी छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जॉर्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर स्थित हैजा अस्पताल के पास रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 27 वर्षीय प्रतियोगी छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गया। टंकी से नीचे छलांग लगाने की धमकी देते हुए उसने खीरी थाना क्षेत्र के धरेठा गांव स्थित अपनी करीब दो बीघा जमीन की चकबंदी के दौरान गलत पैमाइश किए जाने का आरोप लगाया। छात्र का कहना था कि उसकी शिकायत के बावजूद अधिकारी उसकी समस्या नहीं सुन रहे हैं। धरेठा निवासी पप्पू पाल प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है। रविवार दोपहर करीब एक बजे वह पानी की टंकी पर चढ़ गया और नीचे छलांग लगाने की धमकी देने लगा।
सूचना पर जॉर्जटाउन पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। देखते ही देखते टंकी के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने जब छात्र से टंकी पर चढ़ने की वजह पूछी तो उसने कागज पर अपनी समस्या लिखी और उसे टंकी से नीचे फेंक दिया। इसमें आरोप लगाया कि गांव में चकबंदी के दौरान उसकी करीब दो बीघा जमीन की गलत पैमाइश कर उसे नाले की ओर कर दिया गया।
छात्र का आरोप है कि लेखपाल और चकबंदी विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से उसकी जमीन का रकबा कम कर दिया गया। वह चकबंदी की पैमाइश दोबारा कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग करता रहा। मामले की जानकारी मिलने पर मेजा तहसील से तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और अधिकारियों ने उसे लगातार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। करीब साढ़े पांच घंटे तक चले प्रयास के बाद शाम करीब 6:30 बजे छात्र को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
डीएम कार्यालय में नहीं हुई सुनवाई
छात्र का आरोप है कि उसने जमीन की गलत पैमाइश और चकबंदी से जुड़ी समस्या को लेकर पहले जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर पत्र भी दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर उसने पानी की टंकी पर चढ़कर अपनी समस्या की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
पैमाइश पर उठे सवाल
छात्र के आरोपों का केंद्र चकबंदी के दौरान हुई जमीन की पैमाइश है। उसका कहना है कि गलत तरीके से पैमाइश किए जाने के कारण उसकी जमीन का स्वरूप बदल गया। अब शिकायत की जांच और पैमाइश से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जॉर्जटाउन के कार्यकारी थाना प्रभारी बब्बन राम ने बताया कि छात्र को समझाकर नीचे उतारा गया। उसके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।