मटर प्लांट में गैस रिसाव: छह महिलाओं की बिगड़ी थी हालत, हरकत में आया प्रशासन, किया फैक्टरी का दाैरा
मंडी धनाैरा स्थित मटर प्लांट में गैस रिसाव के चलते छह महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई थी। घटना के बाद प्रशासन ने फैक्टरी का दाैरा किया।
विस्तार
मंडी धनौरा के ग्राम चुचैला कलां के पास स्थित मटर प्लांट में रविवार की शाम हुए गैस रिसाव के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। सोमवार को एसडीएम के नेतृत्व में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, फायर ब्रिगेड व श्रम विभाग की टीम ने फैक्टरी जाकर निरीक्षण किया।
टीम में शामिल अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत प्रबंधन को दी। एसडीएम ने गैस से बेसुध हुए कर्मचारियों का उचित उपचार नहीं कराने पर नाराजगी जाहिर की। गौरतलब है कि चांदपुर मार्ग पर स्थित अपराइट इनोवेटिव सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड में रविवार की शाम अमोनिया गैस का रिसाव हो गया था।
गैस रिसाव से करीब छह महिला कर्मचारी बेसुध हो गई थी। आसपास के लोग भी गैस रिसाव से दहशत में आ गए थे। प्रबंधन ने घटना को छिपाने की नीयत से उनका उपचार निजी अस्पताल में कराया था। सोमवार की दोपहर बाद एसडीएम विभा श्रीवास्तव, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से रजनीश चौधरी व सुरेश त्रिपाठी, अग्निशमन अधिकारी कमलेश मिश्र, श्रम प्रवर्तन अधिकारी आदि ने फैक्टरी का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने गैस रिसाव के कारणों की जानकारी मांगी। प्रबंधन ने बताया कि सिलिंडर का पाइप निकलने की वजह से गैस रिसाव हुआ था। टीम में शामिल अधिकारियों ने प्लांट में लगे उपकरण व पाइपलाइन की भी जांच की। एसडीएम ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि लोगों के जीवन से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मटर फैक्टरी से हुए गैस रिसाव की जानकारी मिलने पर सोमवार को मौके का निरीक्षण किया गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अग्निशमन अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी से फैक्टरी प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों के पालन किए जाने के बारे में रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभा श्रीवास्तव, एसडीएम धनौरा