UP: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, फर्जी मालदीव वर्क परमिट के साथ एक गिरफ्तार; वसूलता था रुपये
UP News: आजमगढ़ में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने फर्जी मालदीव वर्क परमिट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर रुपये ऐंठता था। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी दस्तावेज बरामद कर मुकदमा दर्ज किया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: आजमगढ़ पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साइबर ठगी के जड़ में वार अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से फर्जी मालदीव वर्क परमिट, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
5 जुलाई 2026 को साइबर सेल प्रभारी रवि प्रकाश गौतम के नेतृत्व में साइबर सेल और सिधारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छतवारा क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मालदीव में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रहा है। टीम ने यादव ढाबा के पास घेराबंदी कर प्लेटीना मोटरसाइकिल से आ रहे संदिग्ध को पकड़ा।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम मुकेश यादव, निवासी हैदराबाद (छतवारा), थाना सिधारी बताया। पुलिस ने उसके पास से दो फर्जी मालदीव वर्क परमिट, एक सैमसंग मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, 200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
ठगी का तरीका
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मुकेश यादव इंटरनेट से मालदीव के मूल वर्क परमिट डाउनलोड करता था। वह अपने मोबाइल में एडिटिंग कर विभिन्न व्यक्तियों के नाम से फर्जी परमिट तैयार करता था। इन फर्जी परमिटों को वह व्हाट्सएप या प्रिंट कॉपी के माध्यम से पीड़ितों को भेजता था।
इसके बदले में वह उनसे किस्तों में पैसे वसूलता था। अभियुक्त पहले मुंबई में मर्चेंट नेवी से संबंधित काम कर चुका है, जहां उसकी पहचान विदेश में रोजगार के इच्छुक श्रमिकों से हुई थी। उसने इन्हीं पुराने संपर्कों का दुरुपयोग कर लोगों को मालदीव सहित अन्य देशों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
बैंक खाते का दुरुपयोग और पुलिस की अपील
एसपी ग्रामीण ने बताया कि जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने अपनी भाभी के दस्तावेज का दुरुपयोग कर यूनियन बैंक में एक खाता खुलवाया था। इस खाते के खिलाफ पश्चिम बंगाल के एक शिकायतकर्ता की साइबर शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 21,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। अभियुक्त ने शिकायतकर्ता से कुल 35,000 रुपये में विदेश भेजने का सौदा किया था।
पुलिस ने अभियुक्त मुकेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि विदेश में नौकरी, वीजा या वर्क परमिट दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति या एजेंसी के झांसे में न आएं। किसी भी संस्था या एजेंट को पैसे देने से पहले उसकी वैधता और प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।