आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़: गोवध मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से हुआ घायल
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गोवध मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में गोवध की घटना में वांछित एक शातिर आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
क्या है पूरा मामला
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत शुक्रवार की रात बिलरियागंज थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गोवध मामले में वांछित आरोपी तबरेज जलालुद्दीन पट्टी मार्ग से छिछोरी की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की।
जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राम इमलीपुर में प्रतिबंधित पशु का वध किया था। घटना 16/17 मार्च की रात की है, जब आरोपियों ने पशु चोरी कर उसका वध किया और पहचान छिपाने के लिए मुंडी व खाल खेत में ही छोड़ दी थी। घटना के बाद सभी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर छिपते रहे।
इसे भी पढ़ें; Azamgarh News: गांव में गोवंश वध की सूचना पर मचा हड़कंप, कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस बरामद किया है। मामले में गोवध निवारण अधिनियम व आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हैं। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।