आजमगढ़। जिले के 22 ब्लॉकों के भीड़भाड़ वाले चौराहों पर जल निगम ग्रामीण के कार्य में लगीं कार्यदायी संस्थाएं राहगीरों को गर्मी में पानी उपलब्ध कराएंगी। नमामी गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति के अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर इस पर काम भी शुरू हो चुका है।
भीषण गर्मी में लोगों का हर मिनट पर गला सूख जा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी राहगीरों को हो रही है। जिले में कई चौराहों पर पानी की व्यवस्था नहीं है। लोगों को बोतलबंद पानी खरीदनकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। जल निगम ग्रामीण के सहायक अभियंता सत्येंद्र कुमार ने बताया कि गर्मी में भींड़भाड़ वाले चौराहों पर लोगों को नि:शुल्क ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए अपर मुख्य सचिव ने जल सेवा केंद्र खोले जाने का निर्देश दिया है। जिले के 22 ब्लॉकों में जीए इंफ्रा, सुधाकरा इंफ्राटेक, एलसी इंफ्रा, स्काईलार्क, इको प्रोटेक्शन सहित सात कार्यदायी संस्थाएं जल जीवन मिशन का कार्य कर रही है। इन सभी कार्यदायी संस्थाओं को अपने स्रोतों से भीड़भाड़ वाले चौराहों पर लोगों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था करनी है। इस कार्य के लिए निगम की तरफ से कार्यदायी संस्थाओं को कोई धनराशि नहीं दी जाएगी। सहायक अभियंता ने बताया कि अब तक 20 भींड़भाड़ वाले चौराहों पर कार्यदायी संस्थाओं की तरफ से जल सेवा केंद्र खोलकर मटका या जार का ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। अन्य जगहों पर भी राहगीरों के लिए जल्द ही पानी की व्यवस्था की जाएगी।