Azamgarh: कागज की गड्डी देकर ठगी करने वाले टप्पेबाजी गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में दो को लगी गोली
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले में पुलिस मुठभेड़ में टप्पेबाजी गैंग के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Azamgarh News: महिलाओं को कागज की गड्डी को रुपये की गड्डी बताकर भ्रमित कर आभूषण और नकदी ठगने वाले अंतरजनपदीय गैंग के तीन शातिर सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। तरवां थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुकेश यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी कमलेश राम मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर भागे तीसरे आरोपी विकास यादव को मेंहनगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया।
सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि तीनों आरोपी गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। यह लोग मिलकर आजमगढ़, मऊ व गाजीपुर में टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, दो कारतूस, पल्सर मोटरसाइकिल और 6,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा मंगलसूत्र, कान के झुमके, कनफूल, लाकेट, पायल और चेन समेत पीली व सफेद धातु के आभूषण भी मिले हैं।
सीओ ने बताया कि 13 अगस्त की रात तरवां पुलिस को सूचना मिली कि टप्पेबाजी में चिन्हित तीन संदिग्ध काले रंग की पल्सर से चिरैयाकोट की ओर से बोंगरिया आ रहे हैं। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाश भागने लगे। मोटरसाइकिल फिसलने के बाद एक बदमाश खेत की ओर भाग गया, जबकि एक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुकेश यादव के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। कमलेश राम को भी मौके से पकड़ लिया गया।
फरार विकास यादव की तलाश में पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना दी। रात लगभग 12 बजे मेंहनगर पुलिस ने शिवरामपुर नहर पुलिया के पास उसे घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी से भागते समय विकास ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर सीएचसी मेंहनगर भेजा गया।
आरोपियों ने स्वीकार किया जुर्म
सीओ ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने 3 अगस्त को मऊ के चिरैयाकोट क्षेत्र के खरिहानी तिराहे पर महिला से मंगलसूत्र, पायल, चांदी की चेन और चार हजार रुपये ठगने की बात स्वीकार की। 7 अगस्त को तरवां के कंचनपुर बाजार में महिला के कान के कनफूल उतरवाकर ले जाने और उसी दिन गाजीपुर के दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन के सामने महिला का पर्स लेकर फरार होने की घटना भी कबूल की। पुलिस ने इन घटनाओं से जुड़े आभूषण और नकदी बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ तरवां और मेंहनगर थाने में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बरामद पल्सर मोटरसाइकिल को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। कार्रवाई में तरवां और मेंहनगर थाने की पुलिस टीमें शामिल रहीं।