अमिलो। हथकरघा बुनकरों को बिजली बिल में राहत देने के उद्देश्य से संचालित विद्युत प्रतिपूर्ति योजना के तहत अधिक से अधिक बुनकरों को जोड़ने के लिए बृहस्पतिवार को मुबारकपुर बुनकर विपणन केंद्र सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें सहायक हथकरघा निदेशक मऊ परिक्षेत्र अरविंद सिंह ने योजना की जानकारी देते हुए बुनकरों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की।
बताया कि प्रदेश सरकार हथकरघा बुनकरों को विद्युत प्रतिपूर्ति योजना के तहत प्रतिवर्ष 3960 रुपये का अनुदान देगी। योजना का लाभ शत-प्रतिशत पात्र बुनकरों को दिलाने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन के बाद बुनकरों का सत्यापन किया जाएगा। अरविंद सिंह ने बताया कि वर्तमान में मुबारकपुर के लगभग 3200 बुनकर ही योजना से जुड़े हैं, जबकि यहां करीब 10 हजार बुनकर हैं। उन्होंने अधिक से अधिक बुनकरों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की।
बताया कि सत्यापन के दौरान आधार कार्ड, बिजली बिल एवं बुनकर होने से संबंधित अभिलेखों की जांच की जाएगी। बैठक में हाजी मंसूर, हाजी माहताब, हाजी सलीम, अबू फैसल, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद सालिम, रियाज अहमद, नूरूलहोदा, इफ्तेखार अहमद, मुनीम सहित अन्य बुनकर मौजूद रहे।