Baghpat: 'मोनालिसा मुझे छोड़कर चली गई, मैं उसे जोधपुर में तलाश रहा', फरमान का वीडियो वायरल
महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा से शादी करने के बाद फरमान लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अब उसका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह मोनालिसा के गुमशुदा होने की बात कह रहा है।
विस्तार
महाकुंभ में वायरल गर्ल मोनालिसा के साथ शादी करने वाले पलड़ा गांव निवासी फरमान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में फरमान दावा कर रहा है कि मोनालिसा उसे छोड़कर चली गई है और वह उसे जोधपुर में तलाश रहा है। वहीं, फरमान के परिजन इस वीडियो को फर्जी बता रहे हैं और इसे एक षड्यंत्र करार दे रहे हैं।
पलड़ा गांव के फरमान ने इसी साल 11 मार्च को मोनालिसा से शादी की थी। शादी के बाद यह मामला तब सुर्खियों में आया, जब जांच में मोनालिसा की उम्र 18 साल से कम पाई गई। इसके बाद मध्यप्रदेश के महेश्वर थाने में फरमान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। यह मामला अभी विचाराधीन ही था कि अब फरमान का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने मामले को और उलझा दिया है।
वायरल हो रहे वीडियो में फरमान यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि मोनालिसा उसके पास से चली गई है। उसने आगे कहा कि वह उसे जोधपुर में ढूंढ रहा है और अगर किसी को मोनालिसा का पता चले तो उसे मैसेज कर दे। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
दूसरी ओर, फरमान के चचेरे भाई समद और पिता जाफर ने इस वायरल वीडियो को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि यह वीडियो फरमान का नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी अन्य युवक से, जिसकी शक्ल फरमान से मिलती-जुलती हो, यह वीडियो बनवाया गया है। परिजनों का मानना है कि यह किसी सोचे-समझे षड्यंत्र का हिस्सा है और वे इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के कारण पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मोनालिसा के अचानक गायब होने और फरमान के इस तरह के वीडियो जारी करने से पुलिस के समक्ष भी जांच की नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या मोनालिसा वाकई लापता है या यह सब किसी योजना के तहत किया जा रहा है। इस पूरे मामले में पुलिस की जांच ही सच्चाई को सामने लाएगी।
