UP: उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बोले-अखिलेश दिन में देखते हैं सपना, सपा का जंगलराज नहीं भूली जनता
बागपत में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। कहा कि सपा का जंगलराज आज भी जनता नहीं भूली है और भाजपा सरकार में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है।
विस्तार
सपा शासन में था गुंडाराज: पाठक
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जब-जब प्रदेश में सपा की सरकार बनी, तब-तब गुंडाराज और अराजकता का माहौल रहा। गरीबों की दुकानों, जमीनों और मकानों पर कब्जे किए गए। कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट थी और बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। उन्होंने कहा कि उस दौर को याद कर आज भी जनता कांप उठती है।
सीएचसी निरीक्षण, मरम्मत के निर्देश
बागपत सीएचसी के निरीक्षण के दौरान ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की और सीएचसी की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाएं बेहतर करने को कहा।
भाजपा सरकार में विकास और मजबूत अर्थव्यवस्था
ब्रजेश पाठक ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया है और सभी जिलों को समान रूप से बजट दिया जा रहा है। किसी भी जिले के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठा है। उन्होंने बताया कि आज भारत विश्व की अर्थव्यवस्था में चौथे स्थान पर है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा, जबकि भाजपा सरकार से पहले देश 11वें स्थान पर था।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बागपत सीएचसी के औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आईं। सीएचसी परिसर में गंदगी फैली मिली, दीवारों पर प्लास्टर उखड़ा हुआ था, कई कक्षों में ताले लगे थे और विद्युत उपकरण खुले में रखे पाए गए। इन खामियों को देखकर उपमुख्यमंत्री ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत, सीएमओ डॉ. तीरथलाल और डीएम अस्मिता लाल पर नाराज़गी जताई और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने बस स्टेशन का भी निरीक्षण किया। यहां फर्श की टाइल्स टूटी हुई मिलीं और इंटरलॉकिंग का निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इस पर उपमुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए गुणवत्ता सुधारने और कार्यों में लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
