बलिया में खूनी संघर्ष: दुकान के सामने ट्रक खड़ा करने पर दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, चालक की मौत
Ballia News: बलिया जिले में दुकान के सामने ट्रक खड़ा करने पर मारपीट हुई। इस दौरान चालक की मौत हो गई। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात है।
विस्तार
थानाध्यक्ष रत्नेश दुबे ने बताया कि सुखपुरा थानाक्षेत्र के घोसवटी गांव निवासी विजय यादव ट्रक चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। वह पचखोरा से बालू खाली कर घर जा रहे थे। इस दौरान सुखपुरा-गड़वार मार्ग पर गिट्टी बालू की दुकान के सामने ट्रक खड़ा कर नाश्ता करने जा रहे थे।
दुकान मालिक रण बहादुर ने ट्रक को दुकान के सामने से हटा कर आगे खड़ा करने के लिए कहा। इसको लेकर दुकानदार व चालक के बीच कहासुनी हो गई। आसपास के लोगों ने बीच- बचाव कर मामला शांत कर दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद चालक विजय ने अपने गांव के पांच छह लोगों के साथ दुकानदार रण बहादुर सिंह, उनके बड़े भाई व कर्मचारी पर बेलचा, डंडे से हमला कर पिटाई कर दी। सूचना पर रण बहादुर के परिजन पहुंच गए।
इसे भी पढ़ें; UP News: मां गेम खेलने से मना कर रही इसलिए मरने जा रहा... हथेली पर लिखकर युवक ने की खुदकुशी
उन्होंने चालक विजय यादव की पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल विजय यादव व दूसरे पक्ष के रण बहादुर, सियाराम सिंह व कर्मचारी दिलीप राजभर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दोपहर बाद चालक विजय यादव की मौत हो गई। इस पर पत्नी निर्मला देवी, बेटा अभिषेक यादव, बेटी पूजा का रो-रोकर हाल बेहाल है।
क्या बोली पुलिस
दुकान के आगे ट्रक खड़ा करने का लेकर दो पक्षों में हुए विवाद में चार लोग घायल हुए थे। इसमें चालक की मौत हो गई है। रण बहादुर सिंह की तहरीर पर चार लोगों पर मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की गई है। चालक के पक्ष से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -रत्नेश दुबे, थानाध्यक्ष