UP: तेज रफ्तार बोलेरो ने दो बाइक में मारी टक्कर...युवक की मौत, दो की हालत गंभीर; त्योहार पर परिवार में मातम
Ballia News: सड़क हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस माैके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विस्तार
UP Accident: होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं। बुधवार रात करीब 9 बजे कोतवाली क्षेत्र के बांसडीह–मनियर मार्ग स्थित पांडेय के पोखरा के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनियर की ओर से आ रही बोलेरो अत्यधिक गति में थी। पहले बांसडीह की तरफ जा रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी, फिर दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी।
परिजनों में मचा कोहराम
पोल से टकराते ही बोलेरो पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कैथवली निवासी नीरज गोंड (20) पुत्र ललन गोंड की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कैथवली निवासी आकाश गोंड पुत्र आत्मा गोंड और बैरिया निवासी राजेंद्र (40) पुत्र राजा राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। होली के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
