बलिया। चैत्र नवरात्र के लिए जिले के प्रमुख देवी मंदिरों की साज-सज्जा पूरी हो गई है। नौ दिनों तक आस्थावानों की भीड़ मंदिरों में उमड़ेगी। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन और पूजन को लेकर इंतजाम किए गए हैं।
एसपी ओमवीर सिंह ने कहा कि जिले के प्रमुख 33 मंदिरों पर भक्तों की भीड़ रहती है, मेला भी लगता है। सुरक्षा को लेकर संबंधित क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारियों मंदिरों का मुआयना कर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामों को देखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है।
ताकि किसी किस्म की कोई भी अव्यवस्था या अराजकता न फैले। मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा को लेकर पुरुष व महिला पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। शहर के सटे हनुमानगंज के ब्रम्हाणी देवी, शंकरपुर में मां शांकरी भवानी, कपूरी में मां कपिलेश्वरी भवानी, जापलिगंज में मां दुर्गा मंदिर, नलकूप कालोनी मां दुर्गा मंदिर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में कोरंटाडीह में मां मंगला भवानी, उचेड़ा स्थित मां भवानी मन्दिर, खरीद स्थित माता मंदिर, सिकन्दरपुर स्थित जल्पा-कल्पा देवी मंदिर, गायघाट स्थित मां पचरूखा देवी मंदिर, पचदेवी मंदिर , मां दुर्गा मंदिर, शोभनाथपुर स्थित मां भगवती मंदिर, दुर्जनपुर स्थित मां काली मंदिर, रेवती स्थित मां दुर्गा मंदिर, काली माता मन्दिर, बांसडीह स्थित मां दुर्गा मंदिर, सहतवार स्थित मां दुर्गा मंदिर सहित देवी मंदिरों में भक्त भोर से पूजन-अर्चन करेंगे।