बलरामपुर। सदर विकास खंड क्षेत्र में बन रही दुर्गापुर-सिसई मार्ग की सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही विवादों में घिर गया है। करीब 1.57 करोड़ रुपये की लागत से लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बनने के साथ ही जगह-जगह से उखड़ने लगी है। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर कुछ ग्रामीणों ने निर्माणाधीन सड़क को हाथ से ही उखाड़कर दिखाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि सड़क की परत इतनी कमजोर है कि हल्के दबाव में ही उखड़ जा रही है। हलांकि वायरल वीडियो का संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है। ग्रामीण राजनीश पांडेय, प्रमोद मिश्रा, अंकित वर्मा, पवन वर्मा, बरसाती चौरसिया, श्याम बहादुर, जितेंद्र तिवारी, जगमोहन, मनीष, अजय, आकाश तिवारी, जमुना यादव, धर्मेंद्र तिवारी, रमेश, श्यामू, रामू, महेश और सुनील तिवारी आदि ने डीएम से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग डीएम से की है।