बलरामपुर। जनपद के विभिन्न विद्यालयों में बृहस्पतिवार को स्कूल चलो अभियान के साथ वार्षिकोत्सव और शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत कर उनका नामांकन किया गया। इस दौरान बच्चों ने अमर उजाला अखबार पढ़कर देश-दुनिया खबर जानी।
नगर पालिका जूनियर हाईस्कूल में बच्चों ने अखबार पढ़ने का अभ्यास करते हुए देश-दुनिया की खबरों से खुद को अवगत किया। प्रधानाध्यापक अरुण कुमार मिश्रा ने छात्रों से समाचारों पर चर्चा कर उनकी समझ को परखा। कंपोजिट विद्यालय पूरबटोला में प्रधानाध्यापक आलोक मणि पांडेय व पूर्व प्रबंधक क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक राजेंद्र प्रसाद ने कार्यक्रम की शुरुआत की। सरस्वती वंदना व स्वागत गीत के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शुरू हुईं। बच्चों ने मेरा जूता है जापानी, मछुआरा नृत्य, पानी बचाओ पर नाटक और कॉमेडी शो प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कक्षा एक से आठ तक के मेधावी छात्रों को मेडल व पुरस्कार दिए गए, वहीं तीन सक्रिय अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक में स्कूल चलो अभियान रैली का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी विनय चौधरी और ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से निकली रैली में शिक्षकों ने बाइक के माध्यम से गांव-गांव जाकर अभिभावकों को बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर में भी सर्व शिक्षा अभियान के तहत रैली निकाली गई और बच्चों को अंकपत्र व पुरस्कार वितरित किए गए। विद्यालय स्टाफ ने तिलक, फूल व चॉकलेट देकर बच्चों का स्वागत किया। इस दौरान शिक्षक, अभिभावक और एसएमसी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।