बलरामपुर। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में बृहस्पतिवार को खरीफ अभियान 2026-27 के तहत यूरिया उर्वरक वितरण को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सदस्यों को यूरिया उर्वरक का वितरण सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और अनियमितताओं पर रोक लगेगी।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रतीक नरेश ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सॉफ्टवेयर के संचालन, डेटा एंट्री, वितरण प्रक्रिया और निगरानी से संबंधित बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सॉफ्टवेयर के जरिये प्रत्येक लाभार्थी का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और उर्वरक वितरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन मॉनिटर की जा सकेगी।
इससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक रविशंकर चौधरी, सभी अपर जिला सहकारी अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता), समितियों के सचिव एवं उर्वरक विक्रेता मौजूद रहे।