बदायूं दोहरा हत्याकांड: दिखावे के लिए गार्ड की नौकरी, लग्जरी कार में पिस्टल लेकर घूमता था आरोपी का भाई
बदायूं में एचपीसीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या के आरोपी अजय प्रताप सिंह के भाई केशव के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक फोटो में वह कार में बैठा दिख रहा है। उसके साथ में पिस्टल है। गांव के लोग बताते हैं कि केशव प्लांट में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। ड्यूटी पर कभी कभार ही जाता था।
विस्तार
बदायूं के सैजनी गांव व एचपीसीएल प्लांट के आसपास इलाके में केवल हत्यारोपी अजय प्रताप सिंह का खौफ ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार का सिक्का चलता था। अजय का भाई केशव यूं तो प्लांट में गार्ड की नौकरी करता था, लेकिन जब वह किसी कार्यक्रम या रिश्तेदारी में जाता तो लग्जरी कार में बैठकर पिस्टल लगाकर ही जाता था। उसका एक फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसके फेसबुक अकाउंट पर भी पिस्टल के साथ फोटो दिख रहा है।
जिस परिवार के डर से लोग बोलने को तैयार नहीं होते थे, अब उसी परिवार के खिलाफ लोग तमाम सुबूत के साथ काले कारनामों को उजागर कर रहे हैं। एचपीसीएल के दो अधिकारियों की हत्या के बाद से पूरा परिवार घर में ताले डालकर भागा हुआ है। दुकान और मकान पर बुलडोजर की कार्रवाई हो चुकी है। बुधवार को संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने गांव के कई लोगों से बात की तो सहमे लोग भी बोलने लगे।
यह भी पढ़ें- बदायूं दोहरा हत्याकांड: आरोपी अजय प्रताप सिंह का साथ देने वालों में हड़कंप, विवेचना में पुलिस बढ़ा सकती है नाम
एक युवक ने केशव का फेसबुक प्रोफाइल दिखाया। बताया कि यह आरोपी अजय उर्फ रामू का छोटा भाई केशव है। प्लांट में यह गार्ड की नौकरी करता था, लेकिन कभी ड्यूटी पर नहीं रहता था। बताया कि वह उसी समय आता था जब उसका निजी लाभ होता था। हालांकि वीडियो व फोटो की संवाद न्यूज पुष्टि नहीं करती है।
सैंजनी गांव में पसरा रहा सन्नाटा
एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों की हत्या के आरोपी अजय प्रताप सिंह के गांव सैजनी में बुधवार को बुलडोजर की कार्रवाई नहीं हुई। जो 40 दुकानें ध्वस्तीकरण के लिए चिह्नित की जा चुकी हैं, उनके किरायेदार काफी परेशान हैं। हालांकि किरायेदारों ने अपना सामान निकाल लिया है। अब वह रोजी-रोजगार को लेकर दौड़भाग कर रहे हैं। गांव में अब भी भारी पुलिस बल तैनात है। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया व जल्द ही आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही। वहीं आरोपी का परिवार मौके से भागा हुआ है।
28 बीघा जमीन पर बनेगा सरकारी तालाब
सैंजनी गांव में आरोपी अजय प्रताप सिंह का परिवार सरकारी जमीन पर कब्जा किए था। मंगलवार को 28 बीघा जमीन को प्रशासन ने कब्जा मुक्त कराया है। एसडीएम दातागंज ने बताया कि इस भूमि पर तालाब बनाया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
सरकारी जमीन पर बाजार लगा अवैध उगाही करता था अजय का परिवार
गांव सैजनी में आरोपी अजय प्रताप सिंह का परिवार सरकारी रास्ते की जमीन पर बुधवार व रविवार को साप्ताहिक बाजार लगवाकर अवैध तरीके से धन उगाही करने का काम करता आ रहा था। बुधवार को एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर अवैध उगाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया।
एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रास्ते की जमीन पर कब्जा कर आरोपी का परिवार दो बाजार लगवाता आ रहा था। बुधवार को मौके पर पहुंचकर बाजार में पहुंचे दुकानदारों काे अवगत कराया गया कि किसी को कोई पैसे देने की आवश्यकता नहीं है। अगर कोई अवैध तरीके से धन उगाही करने आता है तो वह लोग इसकी सूचना दें, जिससे उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जा सके। उन्होंने बताया कि बाजार में अब किसी तरह की धन उगाही नहीं होने दी जाएगी। एसडीएम ने बताया इस मामले के आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को केस दर्ज कराया जाएगा।