Bareilly News: प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी क्रांति, इसलिए मार डाला; पिता और भाइयों ने कबूला जुर्म
बरेली के सिरौली इलाके में क्रांति की हत्या करने के आरोपी पिता और भाइयों ने पहले उल्टी-दस्त से मौत होने की बात कही, फिर जहर खाने की बात कहने लगे।, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पिता और भाइयों की करतूत का पर्दाफाश हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि क्रांति की हत्या क्यों और कैसे की?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के बरसेर गांव में युवती क्रांति की गला दबाकर हत्या उसके परिजनों ने ही की थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने युवती के पिता और दो भाइयों को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने बुधवार को हत्या की बात कबूल कर ली। बताया कि संभल निवासी प्रेमी से शादी करने की जिद करने पर उन लोगों ने क्रांति की गला दबाकर हत्या कर दी। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि क्रांति के चाचा महक सिंह ने अपने भाई महेंद्र कश्यप व दो भतीजों आकाश और अमन के खिलाफ भतीजी की हत्या की रिपोर्ट सिरौली थाने में दर्ज कराई है। वादी और आरोपियों से पूछताछ की गई। पता लगा कि युवती का काफी समय से संभल जिले के युवक से प्रेम प्रसंग था। वह उससे फोन कॉल पर बात करती थी। यह बात पिता और उसके भाइयों को नागवार गुजर रही थी।
कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। सोमवार को फोन कॉल पर बात करते देखा तो परिवारवालों ने क्रांति की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद रात में क्रांति चुपचाप घर से कहीं जाने लगी तभी दोनों भाइयों ने उसे पकड़ लिया। घर के आंगन में गिराकर उसे डंडों से पीटा। बाद में उसके गले पर डंडा रखकर दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पहले तो आरोपी घटना को टालते रहे। सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सच उगल दिया। पुलिस ने बताया कि युवती बालिग थी और अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी, जबकि परिवारवाले उसकी शादी दूसरी जगह करना चाहते थे। क्रांति इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी वजह से परिवार में तनाव था, जिसका परिणाम हत्या के रूप में सामने आया।
पिता ने पहले उल्टी-दस्त फिर जहर से मौत की बात कही
सुबह परिजनों ने मोहल्ले में क्रांति की मौत उल्टी-दस्त से होने की खबर फैला दी। चूंकि पड़ोसियों ने क्रांति के साथ दिन और रात में हुई मारपीट को देखा था, तो यह बात उनके गले नहीं उतरी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो पोस्टमॉर्टम में क्रांति की मौत की पुष्टि गला दबाने से हो गई। इसके बाद पिता महेंद्र ने ग्रामीणों को रिपोर्ट में जहर से मौत होने की जानकारी दी।
एसओ विनोद कुमार ने बताया कि महेंद्र सनकी शख्स है। ग्रामीणों ने बताया कि उसने पहले अपनी पत्नी को पीटकर घर से निकाल दिया था, जिसका आज तक कोई पता नहीं लगा है। इसके बाद अपनी बड़ी बेटी को भी कई बार पीटा तो वह घर छोड़कर चली गई। अब तीसरी घटना उसने अपनी छोटी बेटी के साथ कर दी।