Bareilly News: थाने के गेट पर डिलीवरी बॉय ने खुद को लगाई आग, हालत नाजुक; बाइक न मिलने से था आहत
बरेली में एक युवक ने मंगलवार रात बारादरी थाने के गेट पर खुद को आग लगा ली, जिससे थाने में खलबली मच गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
विस्तार
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के निवासी डिलीवरी बॉय ने मंगलवार रात बारादरी थाने के गेट पर खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक नशे की हालत में मिला। वह थाने में खड़ी अपनी बाइक न मिलने से आहत था।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि रात दस बजे फतेहगंज पश्चिमी निवासी 32 वर्षीय अक्षय कुमार कश्यप थाने के गेट पर आया। उसके हाथ में पेट्रोल भरी बोतल थी। उसने तेल अपने ऊपर उड़ेला और खुद को आग लगा ली। आग की लपटें देखकर पहरे पर खड़े पुलिसकर्मी व अन्य स्टाफ ने किसी तरह आग बुझाई। उसे जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया।
थाना प्रभारी को अक्षय ने बताया कि वह फिलहाल कोतवाली के पीछे रहता है और एक कंपनी में डिलीवरी बॉय है। वह सोमवार रात आठ बजे गंगापुर में डिलीवरी देने आया था। वहां उसकी बाइक शराब की दुकान के पास खड़ी थी। उसमें चाबी भी लगी थी।
बाइक छुड़वाने के लिए काट रहा था चक्कर
संजयनगर निवासी विकास सागर उसकी बाइक लेकर भागने लगा। उसने पीछा किया तो विकास ने सामने से आ रहे माधोबाड़ी निवासी आकाश को टक्कर मार दी। इससे आकाश घायल हो गया। पुलिस आई तो उसकी बाइक भी थाने ले गई। तभी से वह बाइक छुड़वाने के लिए थाने के चक्कर लगा रहा था।
थाना प्रभारी ने दी सफाई, उतावलेपन में की हरकत
घटना की जानकारी के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने थाना प्रभारी से बात की। उन्होंने बताया कि अक्षय सोमवार रात जब थाने आया था तो नशे में था और मंगलवार को भी वह नशे में था। पुलिस से वह बाइक देने के लिए कह रहा था।
उसे बताया गया था कि अगर घायल आकाश ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की तो उसे उसकी बाइक दे दी जाएगी। अगर रिपोर्ट लिखनी पड़ी तो बाइक कोर्ट के आदेश से रिलीज हो सकेगी। उसे धैर्य रखने के लिए कहा गया, लेकिन वह उतावला हो रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि उसके परिवार से संपर्क किया जा रहा है।
