बरेली में गैस चोरी: 20 हजार लोगों की जिंदगी दांव पर लगाकर काटी पीएनजी लाइन, दो आरोपियों पर रिपोर्ट
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में गैस चोरी का मामला सामने आया है। यहां 20 हजार लोगों की जिंदगी दांव पर लगाकर आरोपियों ने पीएनजी पाइप लाइन में सेंध लगा दी और साधारण प्लास्टिक का पाइप लगाकर गैस चोरी करने लगे। कंपनी की पेट्रोलिंग टीम ने जब चोरी पकड़ी तो आरोपी उन पर हमलावर हो गए।
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के पीर बहोड़ा में 20 हजार से ज्यादा लोगों की जिंदगी दांव पर लगाकर दो लोगों ने पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) की लाइन का रेगुलेटर बाइपास कर साधारण प्लास्टिक के पाइप से अवैध कनेक्शन जोड़ दिया। आरोपियों ने कई लाख रुपये की गैस चोरी कर ली। पीएनजी की पेट्रोलिंग टीम ने जब चोरी पकड़ी तो टीम पर भी हमलावर हो गए। यूजीसीएल के सीनियर मैनेजर जितेंद्र गौतम ने दो लोगों को नामजद कराते हुए इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यूजीसीएल के सीनियर मैनेजर जितेंद्र गौतम ने इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम को बताया कि 11 अप्रैल को दोपहर तीन बजे सीयूजीएल के पेट्रोनिंग मैन हर्षित और कर्मचारी मुकेश पाइप लाइन की जांच करते हुए पीर बहोड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने देखा की सफरुद्दीन और मुस्ताब खान के घरों के बाहर गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है। जांच की तो पाया कि गैस पाइप लाइन को काटने के बाद बाइपास करते हुए साधारण प्लास्टिक के पाइप से कनेक्शन जोड़कर गैस चोरी की जा रही थी। यह बेहद जोखिमपूर्ण था। इससे इलाके में 20 हजार से ज्यादा आबादी के लिए खतरा था।
साक्ष्य एकत्र करने के लिए कर्मचारियों ने वीडियो बनाया तो आरोपी उन पर भी हमलावर हो गए। मोबाइल छीनने की कोशिश की। किसी तरह से कर्मचारी खुद को बचाकर वहां से भागे। इंस्पेक्टर इज्जतनगर ने बताया कि सीयूजीएल के सीनियर मैनेजर की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सार्वजनिक सुरक्षा, मानव जीवन को गंभीर खतरा
सीयूजीएल के सीनियर मैनेजर जितेंद्र गौतम ने बताया कि पीएनजी बेहद ज्वलनशील गैस है। जिस तरह से रेगूलेटर को बाइपास कर गैस चोरी की जा रही थी उससे सार्वजनिक सुरक्षा के साथ मानव जीवन को बड़ा खतरा हो सकता था। मामूली चिंगारी से भी अगर कोई अप्रिय घटना हो जाती तो हालात पर काबू पाना बेहद मुश्किल होता। इससे काफी संख्या में लोगों की जान भी जा सकती थी। दोनों स्थानों पर पाइप लाइन को सील करा दिया गया है। पूरे प्रकरण की जानकारी डीएम बरेली को भी दे दी गई है। उन्होंने भी इसे गंभीरता से लिया है।
आरोपियों पर 1.80 लाख पेनाल्टी, चोरी की गई गैस का आंकलन जारी
सीयूजीएल ने पाइप लाइन काटकर और रेगुलेटर बाइपास करने के आरोपियों पर 1.80 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई है। सीनियर मैनेजर ने बताया कि आरोपी कब से गैस चोरी कर रहे थे यह बारे में पता नहीं है। आंकड़ों के आधार पर चोरी की गई गैस का आंकलन किया जा रहा है। आरोपियों से इसकी वसूली की जाएगी।
पीएनजी पाइप लाइन काटने और रेगुलेटर को असुरक्षित तरीके से बाइपास कर गैस चोरी करना संगठित गिरोह का काम हो सकता है। सीनियर मैनेजर ने बताया कि तकनीकी जानकारी के बिना गैस पाइप लाइन से इस तरह गैस चोरी संभव नहीं है। उन्होंने डीएम अविनाश सिंह को अवगत कराते हुए बताया कि यह संगठित अपराध हो सकता है। इसमें अन्य की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता।
डीएम ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को जांच का आदेश दिया है। इधर, पुलिस भी जांच कर रही है। इंस्पेक्टर इज्जतनगर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि रेगुलेटर को बाइपास कर गैस चोरी के मामले में विवेचना के दौरान अन्य नाम प्रकाश में आने से इंकार नहीं किया जा सकता। इधर, गैस चोरी का यह मामला सामने आने के बाद सीयूजीएल ने पूरे शहर में घनी आबादी वाले इलाकों में गैस पाइप लाइन, कनेक्शन और रेगूलेटर की जांच शुरू कर दी है।
सीयूजीएल के सीनियर मैनेजर ने बताया कि पीर बहोड़ा बेहद संकरा इलाका है। गैस लीक होने के कारण अगर यहां कोई हादसा होता तो फायर ब्रिगेड भी नहीं पहुंच सकती है। ऐसे में यह बेहद गंभीर है। कंपनी ने पहले चरण में शहर के संकरे इलाकों में पाइप लाइन और रेगुलेटर की जांच शुरू करा दी है।
