Bareilly News: मां ने कहा- गैस चूल्हे पर नहीं बनेगी रोटी... बहुत महंगी है, नाराज बेटी ने खा लिया जहर
बरेली में एक युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने कहा कि मां ने उसे गैस चूल्हे पर रोटी बनाने से मना कर दिया था। जिद करने पर डांट दिया, जिससे नाराज होकर उसने जहर खा लिया।
विस्तार
बरेली में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मां ने गैस चूल्हे पर रोटी बनाने से मना किया तो बेटी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवती का उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
कैंट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती को जिला अस्पताल लाया गया। उसकी मां ने बताया कि बृहस्पतिवार को रात का खाना बनाने जा रही बेटी को उन्होंने टोक दिया। कहा कि गैस बहुत महंगी पड़ रही है। आज लकड़ी के चूल्हे पर ही खाना बना लो।
युवती ने लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने से मना कर दिया तो मां ने उसे डांट दिया। इससे वह गुमसुम हो गई। रात में युवती ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
12वीं के छात्र ने फंदा लगाकर दी जान
थाना बारादरी क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय आकाश ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। वह 12वीं कक्षा का छात्र था। मौत की वजह को लेकर अभी संशय बना हुआ है। उसके पिता नन्हेलाल की तीन साल पहले मौत हो चुकी है। रिश्तेदार ने बताया कि आकाश ने बृहस्पतिवार रात में किसी समय फंदा लगा लिया।
मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने इसकी जानकारी दी तो बारादरी थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आकाश की मां मिथिलेश का रो-रोकर बुरा हाल है। आकाश अपनी मां का इकलौता पुत्र था। मिथिलेश प्राइवेट नौकरी कर अपने घर का पालन पोषण करती हैं।