UP: बरेली में जुनैद हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बहन के साथ आपत्तिजनक हालत में मिलने पर मारी थी गोली
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में 29 नवंबर की रात जुनैद की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला है कि जुनैद के आरोपी की विवाहित बहन से प्रेम संबंध थे। उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था।
विस्तार
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में हुई जुनैद की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की विवाहित बहन से जुनैद के प्रेम संबंध थे। आरोपी ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था। उसी रात आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर जुनैद की हत्या कर दी थी।
पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त डंडा व 315 बोर की पौनिया (तमंचा) और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी का बड़ा भाई व उसका दोस्त फरार है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक ने पूछताछ में बताया कि कस्बे के मोहल्ला भूरेखां गौटिया निवासी जुनैद उसका दोस्त था। उसका घर आना जाना था। उसकी बहन व जुनैद आपस में बातचीत करते थे। एक दिन जुनैद ने उसकी बहन से निकाह करने का प्रस्ताव रखा। यह बात लवी को अखर गई। उसने जुनैद से कहा कि यह सब ठीक नहीं है। दोस्ती का हवाला देकर बहन से दूर रहने की हिदायत दी। इसके बावजूद जुनैद नहीं माना। वह उसकी बहन की ससुराल भी जाता था। जिसकी शिकायत उसके बहनोई ने की थी। यह सब बातें आरोपी ने अपने बड़े भाई से बताई। जुनैद को फिर समझाया, लेकिन वह नहीं माना।
आरोपी बोला- बहन के साथ आपत्तिजनक हालत में था जुनैद
आरोपी के मुताबिक 29 नवंबर उसकी बहन-बहनोई घर आए हुए थे। वह परिचित के यहां शादी में गया था। रात में 11.30 बजे के करीब वह घर वापस आया तो बाहर का गेट बंद मिला। इस पर वो दीवार कूदकर घर में घुसा। आरोपी ने कमरा का दरवाजा खोला तो जुनैद उसकी बहन के साथ आपत्तिजनक स्थिति में था। यह देख आरोपी ने अपनी बहन को थप्पड़ मारे। जुनैद को भी पीटा।
आरोपी ने अपने दोस्त को बुला लिया। सनी तमंचा लेकर आया। दोनों आरोपी जुनैद को उसी की बाइक पर बैठाकर हजियापुर नहर के पास लेकर गए। वहां भी उससे पीटा। घटना के दौरान जुनैद के पिता का उसके फोन पर कॉल आया। उन्होंने जुनैद के बारे में पूछा। आरोपी ने उनसे बोल दिया कि वह जुनैद को लेकर आ रहे थे।
उसके बाद हजियापुर नहर पुलिया पर रात को 12 बजे के करीब आरोपियों ने जुनैद को पकड़कर पुलिया पर ही बैठा लिया। इस बीच जुनैद ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस पर आरोपी ने अपने भाई को वीडियो कॉल कर पूरा घटनाक्रम बताया। उसने कहा कि जुनैद को मार दो। इसके बाद आरोपियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव छोड़कर भाग गए थे।