Bareilly News: मकान और दुकानों में लगी भीषण आग, पहली मंजिल पर फंसा व्यापारी का परिवार, ग्रामीणों ने बचाया
बरेली जिले के गांव राजपुर कला में बुधवार सुबह व्यापारी शुभम माहेश्वरी के मकान और दुकानों में भीषण आग लग गई, जिससे उनका परिवार पहली मंजिल पर फंस गया। ग्रामीणों ने पड़ोसी के मकान पर सीढ़ी लगाकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान दो लोग चोटिल भी हो गए। वहीं आग से लाखों रुपये का नुकसान होना बताया गया है।
विस्तार
बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव राजपुर कला में व्यापारी शुभम माहेश्वरी के मकान और दुकानों में शॉर्ट सर्किट से बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। आग की लपटों के बीच परिवार मकान की पहली मंजिल पर फंस गया। ग्रामीणों ने पड़ोसी के मकान पर सीढ़ी लगाकर परिवार के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन आग से मकान और दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना के दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिस पर ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर की।
गांव राजपुर कला निवासी शुभम माहेश्वरी उर्फ बॉबी का सड़क किनारे मकान है। मकान में तीन दुकानें हैं, जिसमें वह मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर और खाद-बीज की दुकान चलाते हैं। पहली मंजिल पर परिवार रहता है। जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनकी दुकानों से धुआं निकलता देखा तो शुभम माहेश्वरी को सूचना दी गई। तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने पड़ोसी के मकान पर सीढ़ी लगाकर शुभम और उनके परिवार को बाहर निकाला। उन्होंने नीचे आकर किसी तरह दुकानों के शटर खोले। ग्रामीणों ने आग बुझाने के प्रयास करने के साथ पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी में नहीं था पानी
ग्रामीणों के मुताबिक दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिनमें एक गाड़ी में बिल्कुल पानी ही नहीं था। इस पर ग्राम प्रधान अतुल गुप्ता ने अपना सबमर्सिबल पंप चलाकर पानी की व्यवस्था कराई। गांववालों ने पास में स्थित तालाब व आसपास घरों के नालों से पानी लाकर काफी मशक्कत करने पर आग को बुझाया, लेकिन तब तक मेडिकल और जनरल स्टोर का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग घर के अंदर तक फैल चुकी थी, जिससे काफी घरेलू सामान भी जला है।
