Bareilly News: सुभाषनगर में रातभर गुल रही बिजली, उपभोक्ताओं ने घेरा किला उपकेंद्र, हंगामा
बरेली में मंगलवार रात से शहर के कई इलाकों में बिजली गुल रहने से 40 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए। सुभाषनगर में नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार सुबह किला उपकेंद्र का घेराव किया। कई क्षेत्रों में बुधवार शाम तक आपूर्ति बहाल हो सकी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के सुभाषनगर व किला इलाके में मंगलवार रातभर बत्ती गुल रही। इससे किला इलाके के उपभोक्ताओं के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने बुधवार सुबह उपकेंद्र का घेराव कर दिया। शाम को कुतुबखाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में भी बिजली कटौती की वजह से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती खड़ी हो गई। वहां हाथापाई की स्थिति भी बनी, हालांकि अधिकारी इससे इन्कार कर रहे हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में बिजली कटौती की वजह से 40 हजार से अधिक लोग परेशान रहे।
कुतुबखाना क्षेत्र में लोकल फॉल्ट होने से दिन में चार घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने एसडीओ को घेर लिया। उन्होंने लाइट ठीक कराने का आश्वासन दिया तो उपभोक्ता माने। किला उपकेंद्र से पोषित इलाकों में देर रात तीन बजे बिजली गुल हुई तो सुबह तक नहीं आई। इससे नाराज उपभोक्ता सुबह 10 बजे उपकेंद्र पहुंच गए और अधिकारियों का घेराव कर लिया। इसके बाद आनन फानन लाइनमैनों को लगाकर लोकल फॉल्ट ठीक किया गया।
इन इलाकों में ठप रही बिजली आपूर्ति
सुभाषनगर उपकेंद्र की इंद्रापुरम कॉलोनी में रात एक बजे लाइट चली गई। फॉल्ट ठीक कराकर यहां बुधवार शाम चार बजे आपूर्ति सुचारु की जा सकी। सुभाषनगर के शांति विहार, रविंद्रनगर, बीडीए, बीडीए प्रथम, द्वितीय, वैष्णो विहार, एसबीआई कॉलोनियों में रात को ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आने से लाइट चली गई। इसे बुधवार दोपहर दो बजे ठीक किया जा सका।
कोहाड़ापीर उपकेंद्र के गुलाबनगर, स्वरूपनगर, चाहवाई क्षेत्र में रात 12 बजे से बिजली गुल हो गई। बीच में दो-तीन घंटे के बाद 10 मिनट के लिए बिजली आती जाती रही। यह समस्या बुधवार शाम 6:30 बजे ठीक की जा सकी। इससे करीब 500 उपभोक्ता प्रभावित रहे। कुतुवखाना के मिर्चिया टोला नीम की चढ़ाई में भी रातभर बिजली गुल रहने से उपभोक्ता परेशान रहे। बुधवार दोपहर आपूर्ति बहाल की गई।
कैंट क्षेत्र में फुंक गया ट्रांसफार्मर
कैंट क्षेत्र में बुधवार की रात ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे आसपास के पेड़ों में आग लग गई। इससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। बरेली कॉलेज गेट के सामने चौराहे पर तारों में आग लग गई। जैसे-तैसे आग पर काबू पाया गया।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि जिन जगहों पर बिजली की समस्या रही, उसको ठीक कराया गया। मैं खुद क्षेत्र में भ्रमण कर रहा हूं। लाइनमैनों को और सक्रिय किया जाएगा।