Bareilly News: भड़काऊ बयान देने वाले नेताओं पर लगाया जाए प्रतिबंध, सुन्नी मरकज के उलमा ने उठाई मांग
सुन्नी मरकज के उलमा ने भाजपा नेता संगीत सोम के बयान पर कड़ा एतराज जताया। मांग उठाई है कि भड़काऊ बयानबाजी करने वाले नेताओं पर प्रतिबंध लगाया जाए। कार्रवाई भी हो।
विस्तार
बरेली में दरगाह आला हजरत स्थित सुन्नी मरकज के उलमा ने नेताओं के भड़काऊ बयान पर नाराजगी जाहिर की है। ऐसे नेताओं पर प्रतिबंध लगाने और उन पर कार्रवाई करने की मांग की है। बृस्पतिवार देर रात हुई बैठक में उलमा ने भाजपा नेता संगीत सोम के हालिया बयान (अयोध्या की तरह मथुरा और काशी में मंदिर बनाएंगे) पर नाराजगी जताई। जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान हसन खान (सलमान मियां) ने इस बयान को समाज में तनाव बढ़ाने वाला और धार्मिक सद्भाव को ठेस पहुंचाने वाला करार दिया है।
उन्होंने कहा कि नागपुर का सांप्रदायिक बवाल इसका ताजा उदाहरण है। अब बेगुनाह लोगों को फंसाने की साजिश रची जा रही है। भड़काऊ बयान कानून के शासन के लिए भी चुनौती हैं। कुछ नेता अपने स्वार्थ के लिए समाज में जहर भर रहे हैं। उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगा देनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- UP: कहीं आप तो नहीं खा रहे नकली सॉस... बरेली में हिस्ट्रीशीटर चला रहा था फैक्टरी, यहां होती थी सप्लाई
हाफिज इकराम ख़ान ने बताया कि कई नेता सोशल मीडिया के जरिये गलत सूचनाओं का प्रसार कर रहे हैं। ऐसे कंटेंट को लोकतंत्र के लिए घातक बताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में मुफ्ती निजाम, अब्दुल नश्तर फारूकी, शहरयार, हाफिज बिलाल ने भी विचार रखे। इस दौरान डॉ. मेहंदी हसन, मोइन खान, समरान खान, मौलाना शम्स, मुफ्ती अली रजा आदि मौजूद रहे।
पुस्तक विमोचन के लिए गृहमंत्री को किया आमंत्रित
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने ‘तारीख-ए-इस्लाम’ नाम से छह भागों में किताब लिखी है। इसके विमोचन के लिए गृहमंत्री अमित शाह को आमंत्रित किया है। मौलाना ने बताया कि किताब में पैगंबर-ए-इस्लाम की जीवनी से लेकर अब तक के इस्लामी इतिहास को लिखा गया है। जल्द ही यह किताब प्रकाशित होने वाली है। मौलाना ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री किरेन रिजिजू और ग्रैंड मुफ्ती ऑफ इंडिया शेख अबुबकर अहमद (केरल) को भी आमंत्रित किया गया है। वर्ष 2024 में मौलाना की लिखी किताब ‘मुफ्ती आजम हिंद और उनके खुलफा’ का विमोचन बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान कर चुके हैं।