UP News: होली विशेष ट्रेनों में यात्रा मजबूरी, किराया दोगुना, फिर भी 12 घंटे तक इंतजार
रेलवे बरेली होते हुए कई विशेष गाड़ियां चला रहा है, लेकिन यह विशेष गाड़ियां लेटलतीफी का शिकार हो रही हैं। जबकि इन ट्रेनों का किराया नियमित से दोगुना है।
विस्तार
विशेष ट्रेनों में दोगुना तक किराया देकर यात्रा मजबूरी बन रही है। कामगार समय से घर नहीं पहुंच रहे। अब उनको वापसी की चिंता है। होली के बाद वापसी में भी सभी ट्रेनें फुल हैं। इस बार रेलवे बरेली होते हुए पिछले साल की तुलना में ज्यादा विशेष गाड़ियां चला रहा है, लेकिन यह विशेष गाड़ियां ही नहीं पटरियों पर दबाव बढ़ने के कारण नियमित गाड़ियां भी लेटलतीफी का शिकार हो रही हैं।
इस बार चंद्रग्रहण के कारण होली को लेकर भी गफलत की स्थिति रही। कई स्थानों पर होलिका दहन दो मार्च को ही कर दिया गया, जबकि तमाम स्थानों पर चार मार्च को किया गया। ऐसे में ट्रेनों और बसों पर दबाव की स्थिति भी बदल गई। इस बार मंगलवार को चंद्रग्रहण होने के कारण रंगोत्सव चार मार्च को रहा और पांच मार्च से कामगारों की वापसी शुरू हो जाएगी।
ऐसे में मंगलवार को नियमित के साथ विशेष गाड़ियां भी ठसाठस रहीं। इस बीच मंगलवार को विशेष गाड़ियों ने 12 घंटे तक इंतजार कराया। मंगलवार को 04013 लोहका बाजार-आनंद विहार विशेष ट्रेन 12 घंटे और 04616 फिरोजपुर-दानापुर विशेष ट्रेन चार घंटे देरी से आई।
इसके अलावा 04026 आनंद विहार-गोरखपुर विशेष ट्रेन ने पांच घंटे, 04204 नई दिल्ली-लखनऊ विशेष ट्रेन ने चार घंटे, 04604 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-वाराणसी विशेष ने ट्रेन दो घंटे और 04025 गोरखपुर-आनंद विहार विशेष ट्रेन चार घंटे इंतजार कराया। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
किराये की स्थिति
नियमित ट्रेनों के एसी तृतीय श्रेणी में बरेली से लखनऊ का किराया 565 रुपये है, जबकि विशेष गाड़ियों में यह किराया 1070 रुपये होता है। स्लीपर श्रेणी का किराया नियमित गाड़ियों में 185 से 215 रुपये है वहीं विशेष गाड़ियों में स्लीपर श्रेणी का टिकट 400 रुपये है। ऐसे में यात्रियों को नियमित ट्रेनों कि मुकाबले ज्यादा किराया देकर विशेष ट्रेनों में टिकट लेना पड़ रहा है। इन दिनों ज्यादातर नियमित गाड़ियां फुल होकर चल रही हैं। बरेली आने-आने वाली गाड़ियां पहले से ही फुल होकर आ रही हैं।
इस बार ज्यादा विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा रेलवे
रेलवे इस बार पिछले साल के मुकाबले होली पर ज्यादा विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। तमाम विशेष ट्रेनों में सीटें खाली हैं। इन दिनों बरेली होते हुए पूर्वांचल, बिहार, बंगाल की ओर जाने वाली ट्रेनें ठसाठस हैं। हालांकि, कई विशेष गाड़ियों में सीटें उपलब्ध हैं।
नियमित गाड़ियों के मुकाबले विशेष में किराया ज्यादा होने और यह गाड़ियां लेटलतीफी का शिकार होने के कारण लोग जरूरी होने पर ही विशेष गाड़ियों में टिकट ले रहे हैं। कई विशेष ट्रेनों में भी होली से पहले सीटें फुल हैं। नियमित गाड़ियों में नो रूम होने के कारण टिकट बुकिंग ही बंद हो गई है। बरेली होकर गुजरने वाली कई विशेष गाड़ियों में अलग-अलग तारीखों में सीटें खाली हैं। रेलवे ने मंगलवार को इन ट्रेनों की सूची जारी की है।
- 05301 मऊ-अंबाला विशेष गाड़ी में पांच मार्च को एसी द्वितीय श्रेणी में 60, तृतीय श्रेणी में 130 सीटें खाली हैं।
- 05005 बढ़नी-अमृतसर विशेष गाड़ी में चार मार्च को स्लीपर श्रेणी में 445 सीटें और 11 मार्च को 374 सीटें खाली हैं।
- 05023 गोमतीनगर-खातीपुरा विशेष गाड़ी में 10 मार्च को एसी द्वितीय श्रेणी में 22, तृतीय में 71 व स्लीपर में 419 सीटें खाली हैं।
- 05060 लालकुआं-कोलकाता विशेष गाड़ी में पांच मार्च को एसी द्वितीय में 55, तृतीय इकोनॉमी श्रेणी में 164 बर्थ सीटें खाली हैं।
- 04513 गोरखपुर-चंडीगढ़ विशेष गाड़ी में छह मार्च को एसी द्वितीय श्रेणी में 46 और तृतीय श्रेणी में 22 सीटें खाली हैं।
- 05045 लालकुआं-राजकोट विशेष गाड़ी में 15 मार्च को स्लीपर श्रेणी में 371 और 22 मार्च को 462 सीटेंं खाली हैं।
