जंगीगंज। जिले के 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 1390 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं। डॉक्टरों ने ने बताया कि ज्यादातर मरीज मौसम बीमारी के आए, जो सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार से पीड़ित थे। मेले में आयुष्मान और आभा कार्ड भी बनाए गए।
कसियापुर, चकटोडर, महजूदा, करियाव, जयरामपुर, ममहर, नई बाजार, गिर्दबड़गांव, कटरा, सेमराध, डेरावां आदि पीएचसी पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जहां सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक 1390 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं। जंगीगंज केंद्र के प्रभारी डॉ. डीके वर्मा ने बताया कि मेले में 24 मरीज देख गए। पांच-पांच आयुष्मान और आभा कार्ड बनाए गए। इसी तरह सेमराध में कुल 32 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं। यहां 12 आयुष्मान और दो आभा कार्ड बनाए गए। गिर्दबड़गांव में कुल 45 मरीज देखे गए। डॉ. वर्मा ने बताया कि इस समय पेट से संबंधित बीमारी, बुखार और फंगल संक्रमण से पीड़ित मरीज ज्यादा आ रहे हैं। मरीजों व तीमारदारों को उन्होंने सलाह दी कि गर्मी के दिनों में मसालेदार खाने से बचें। पानी व तरल पदार्थों का खूब सेवन करें। कोल्ड ड्रिंक और चाय से दूरी बनाए रखें। इस दौरान डॉ. देवेश पांडेय, डॉ. गजेंद्र सिंह, ऋतुराज पांडेय, डॉ. विश्व दीपक शुक्ला, कामिनी मौर्य, लवकुश, अनीश यादव आदि मौजूद रहे।